NEET परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करने वाले बिलासपुर के छात्र-छात्राओं ने अपनी कामयाबी का जश्न मनाया

बिलासपुर ।NEET परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करने वाले बिलासपुर के छात्र-छात्राओं ने अपनी कामयाबी का जश्न मनाया। इस दौरान सफल विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और लगातार मिली प्रेरणा को दिया। छात्रों ने री-नीट जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि कठिन समय में परिवार और शिक्षकों का साथ ही उन्हें दोबारा खड़े होने की ताकत देता है। साथ ही उन्होंने छात्रों से किसी भी परिस्थिति में गलत कदम न उठाने और खुलकर अपने परिजनों व शिक्षकों से बात करने की अपील भी की। बिलासपुर में NEET परीक्षा में सफल हुए छात्र-छात्राओं का सम्मान और जश्न का माहौल देखने को मिला। सफल विद्यार्थियों ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उनके माता-पिता, शिक्षकों और हर उस व्यक्ति की है जिसने मुश्किल समय में उनका साथ दिया।

छात्रों ने बताया कि री-नीट की घोषणा के बाद वे भी निराश हुए थे, लेकिन परिवार और शिक्षकों के हौसले ने उन्हें फिर से मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उनका कहना है कि सफलता का सबसे बड़ा मंत्र लगातार अभ्यास, टेस्ट सीरीज और प्रश्नपत्रों का विश्लेषण है। एक अन्य सफल छात्र उत्कर्ष राठौर ने बताया कि री-नीट ने उन्हें अपनी पिछली रैंक सुधारने का एक नया अवसर दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता और शिक्षकों का योगदान शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। वहीं अन्य विद्यार्थियों ने भी अनअकैडमी बिलासपुर सेंटर के शिक्षकों का आभार जताते हुए कहा कि हर परिस्थिति में उन्हें केवल अपना सर्वश्रेष्ठ देने की सीख मिली। छात्रों ने उन अभ्यर्थियों से भी अपील की जो असफलता से निराश हैं कि आत्महत्या कभी समाधान नहीं है, बल्कि अपने परिवार और शिक्षकों से बात कर आगे बढ़ना ही सही रास्ता है। NEET में सफलता हासिल करने वाले इन छात्रों की कहानी बताती है कि मेहनत, सही मार्गदर्शन और परिवार का भरोसा किसी भी मुश्किल को सफलता में बदल सकता है। छात्रों की यह उपलब्धि अब दूसरे अभ्यर्थियों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।