शराब चाहिए,पैसे निकाल’…नहीं देने पर आंखों में मिर्च और बेरहमी से पिटाई,पहले आंखों में मिर्च, फिर पैसों की डिमांड..बदमाशों का ‘शराब गैंग’ धरा गया

बिलासपुर।राह चलते लोगों को रोककर आंखों में मिर्च पाउडर झोंकना, शराब पीने के लिए पैसे मांगना और विरोध करने पर मारपीट करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, सेमरी निवासी संतोष यादव अपने पड़ोसी अक्षय प्रेमी के साथ धान का बीज लेने ग्राम पौंसरा गया था। लौटते समय सेमरा बाजार के पास चेतन ध्रुव अपने दो साथियों जागेश्वर साहू और आकाश साहू के साथ मोटरसाइकिल के सामने आ गया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले रास्ता रोका, फिर अक्षय प्रेमी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे।
जब दोनों युवकों ने पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने अक्षय प्रेमी के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। वारदात के बाद तीनों मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर रतनपुर थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने घेराबंदी कर सेमरा भरारी से तीनों आरोपियों-चेतन ध्रुव, जागेश्वर प्रसाद साहू और आकाश साहू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।