कंटेनर चालक ने सड़क किनारे बैठी गाय को जानबूझकर कुचला, मौके पर मौत
बिलासपुर।सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे बैठी एक गाय को कंटेनर से कुचलने का मामला सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शी युवकों ने कंटेनर चालक पर जानबूझकर गाय के सिर पर वाहन चढ़ाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 325 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के
मगरपारा अंबेडकर नगर निवासी 23 वर्षीय हर्षित बोमर्डे ने अपने साथी हर्ष दामा के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे दोनों कार क्रमांक सीजी 04 क्यूसी 7020 से कमला श्री रिसॉर्ट, तिफरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान देवनगर मोड़ के पास सामने से आ रहे कंटेनर क्रमांक डब्ल्यू बी 19 के 8041 के चालक ने सड़क किनारे बैठी गाय के सिर पर वाहन चढ़ा दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि चालक ने गाय को बचाने की बजाय उसे नुकसान पहुंचाने की नीयत से वाहन चढ़ाया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।