ब्याज के पैसों को लेकर पिता-पुत्र पर हमला, डंडे और घूंसों से मारपीट
बिलासपुर।
तालापारा स्थित मिनीमाता नगर में उधार के पैसों के ब्याज को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक और उसके साथी ने पिता-पुत्र के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि दोनों ने पहले गाली गलौज की, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे और घूंसों से हमला कर दिया। घटना में दोनों घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिनीमाता नगर तालापारा निवासी लक्ष्मण पुरी गोस्वामी नगर निगम बिलासपुर में पंप ऑपरेटर हैं।
उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह अपने बेटे राहुल पुरी गोस्वामी के साथ काम से लौटकर घर पहुंचे थे। इसी दौरान घर के सामने कान्हा अपने एक साथी के साथ मिला। राहुल ने पहले अपना मोबाइल गिरवी रखकर कान्हा से 5 हजार रुपए उधार लिए थे। उसी रकम के ब्याज को लेकर कान्हा पैसे मांगने लगा और विवाद शुरू हो गया। शिकायत के मुताबिक, कान्हा ने राहुल से पैसे कब लौटाने की बात कहते हुए गालियां दीं। लक्ष्मण ने गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उन पर हाथ-मुक्कों और डंडे से हमला कर दिया।