लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण एवं आगामी विरोध-प्रदर्शनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

एक वर्ष एवं 60/90 दिवस से अधिक अवधि से लंबित अपराधों की समीक्षा
कानून-व्यवस्था एवं अपराधों का त्वरित निराकरण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल”— मनोज कुमार खिलारी
अवैध प्रवासी एवं सीजेपी प्रोटेस्ट के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा
बिलासपुर/जीपीएम। जिले में लंबित अपराधों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा आगामी विरोध-प्रदर्शन एवं आंदोलनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी द्वारा जिले के पुलिस अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष रूप से एक वर्ष एवं 60/90 दिवस से अधिक अवधि से लंबित अपराधों की प्रकरणवार समीक्षा करते हुए संबंधित विवेचकों को लंबित विवेचना को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लंबित प्रकरण में विवेचना की वर्तमान स्थिति का परीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि आवश्यक साक्ष्य, गवाहों के कथन, दस्तावेज, मेडिकल एवं विशेषज्ञ रिपोर्ट तथा अन्य वैधानिक कार्रवाई समय-सीमा में पूर्ण हो।
विवेचना पूर्ण हो चुके प्रकरणों में नियमानुसार चालान अथवा अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने तथा गंभीर एवं संवेदनशील मामलों में विशेष प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्ण विवेचना करने के निर्देश दिए गए।
अवैध प्रवासियों एवं सीजेपी प्रोटेस्ट के संदर्भ में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों की समीक्षा
इसके साथ ही, अवैध प्रवासियों एवं सीजेपी प्रोटेस्ट के संदर्भ में संभावित विरोध-प्रदर्शन एवं आंदोलनों को ध्यान में रखते हुए जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
बॉक्स
संभावित विरोध-प्रदर्शन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखें
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित विरोध-प्रदर्शन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्व से आवश्यक तैयारियां एवं कार्ययोजना तैयार रखी जाए। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी विरोध-प्रदर्शन के दौरान कानून का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले नागरिकों के अधिकारों का सम्मान किया जाए तथा साथ ही सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने, हिंसा, तोड़फोड़ अथवा कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बॉक्स
स्थानीय स्तर पर सूचना संकलन एवं समन्वय व्यवस्था को मजबूत रखा जाए
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संभावित कार्यक्रमों एवं प्रदर्शनों के संबंध में स्थानीय स्तर पर सूचना संकलन एवं समन्वय व्यवस्था को मजबूत रखा जाए। आयोजकों एवं संबंधित पक्षों से संवाद स्थापित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग लिया जाए तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को आवश्यक ब्रीफिंग एवं ड्यूटी संबंधी दिशा-निर्देश पूर्व से दिए जाएं।
बॉक्स
भ्रामक अथवा अफवाहजनक सूचनाओं पर भी सतत निगरानी रखी जाए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली भ्रामक अथवा अफवाहजनक सूचनाओं पर भी सतत निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना के प्रसार की स्थिति में तत्काल तथ्यात्मक जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए, ताकि जिले में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे।
बॉक्स
जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने कहा कि लंबित अपराधों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क एवं सक्रिय रहते हुए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें। किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो और आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित अपराधों की नियमित समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा साथ ही आगामी विरोध-प्रदर्शनों एवं आंदोलनों के मद्देनजर आवश्यक पुलिस व्यवस्था एवं सुरक्षा योजना को प्रभावी रूप से लागू करें।