Blog

15 अगस्त तक तय लक्ष्य हर हाल में हों पूरे, प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी लाएं : निगम कमिश्नर

प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के कार्यों की निगम कमिश्नर ने की समीक्षा

बिलासपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत आवास निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सरवे ने प्रधानमंत्री आवास योजना शाखा के अधिकारियों एवं इंजीनियरों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने के सख्त निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान निगम कमिश्नर सर्वे ने कहा कि बीएलसी घटक के अंतर्गत वर्तमान में 873 आवास का निर्माण रूफ लेवल तक हो गया हैं,उन सभी आवासों को 15 अगस्त तक हर हाल में पूर्ण कराएं। साथ ही 845 ऐसे आवास, जिनकी स्वीकृति हो चुकी है लेकिन निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, ऐसे हितग्राहियों से समन्वय स्थापित कर 15 अगस्त तक किसी भी स्थिति में निर्माण कार्य प्रारंभ कराएं।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत बीएलसी घटक में कुल 9,753 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 6,742 आवास पूर्ण हो चुके हैं। वर्तमान में 771 आवास फाउंडेशन स्तर पर तथा 532 आवास लिंटल लेवल पर निर्माणाधीन हैं। शेष आवासों में निर्माण कार्य विभिन्न चरणों में प्रगति पर है।

निगम कमिश्नर सर्वे ने अधिकारियों एवं इंजीनियरों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों ने स्वीकृति मिलने के बाद भी अपने आवास का निर्माण प्रारंभ नहीं किया है, उनसे व्यक्तिगत संपर्क एवं समन्वय स्थापित कर उन्हें शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि योजना का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सके।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि प्रत्येक निर्माणाधीन आवास की प्रगति का नियमित फील्ड निरीक्षण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर आने वाली बाधाओं का तत्काल निराकरण करते हुए कार्यों में अपेक्षित गति लाई जाए। निगम कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की प्राथमिकता वाली योजना है और इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *