Blog

ससुराल से लौट रहे और बिना खाद के लौटने वाले युवक से लूट

राह चलते लोगों को बना रहे निशाना

फिर 2 लूट के मामले, रात में निकलना पड़ रहा भारी

बिलासपुर । जिले में लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बदमाश राह चलते लोगों को रोककर मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लूट रहे हैं। बीते 24 घंटे के भीतर कोटा और सकरी थाना क्षेत्र में दर्ज दो अलग-अलग मामलों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दोनों घटनाओं में आरोपियों ने सुनसान स्थान का फायदा उठाकर पीड़ितों को डराया-धमकाया और लूट की वारदात को अंजाम दिया।

दरअसल पहली घटना कोटा थाना क्षेत्र की है। जोगीपुर निवासी 19 वर्षीय योगेश यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह 23 जुलाई की रात अपने साथी अमित बिरको के साथ खाद खरीदने कोटा आया था। खाद नहीं मिलने पर दोनों मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे सूरजपुर पुल के पास पीछे से आए हीरो स्प्लेंडर सवार युवकों ने हाथ देकर उन्हें रोका। फोन करने का बहाना बनाकर मोबाइल मांगा और जेब से निकालते ही झपट लिया। इसी दौरान पीछे बैठे दो युवकों ने उनकी बाइक को लात मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद आरोपी मोबाइल लेकर फरार हो गए। अंधेरा होने के कारण बाइक का नंबर नहीं देखा जा
सका। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इसी तरह दूसरी वारदात सकरी थाना क्षेत्र की है। ग्राम लगरा मोपका निवासी राजीव केवट ने बताया कि वह तखतपुर स्थित अपने ससुराल से घर लौट रहा था। रात करीब 8:30 बजे छोटे बिनौरी मोड़ के पास एक युवक ने बीच सड़क पर दोनों हाथ फैलाकर उसे रोक लिया। आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी तलाशी ली और जेब में रखे 300 रुपये निकाल लिए। इसके बाद उसका रेडमी मोबाइल भी छीन लिया। इसी दौरान आरोपी ने पीड़ित की पत्नी को फोन पर अश्लील गालियां दीं और 5 हजार रुपये फोन-पे करने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बिनौरी निवासी नीलकमल मरावी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

बॉक्स
लुटेरे सुनसान रोड का उठा रहे फायदा

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से आम लोगों में भय का माहौल है। रात के समय सुनसान सड़कों पर आवागमन करने वाले लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।यही कारण है कि कई लोग रात का सफर नहीं करते है।सुनसान रोड होने का पूरा फायदा उठाकर चोर मौका पाकर लूटने का काम करते है और घटना को अंजाम देते है।

बॉक्स
जिले के लुट की घटनाएं बढ़ी

देखा जाए तो जिले में लुट की घटनाएं बढ़ने लगी है और चारों तरफ लुट की घटनाएं हो चुकी है।इसका पूरा कारण यही माना जा रहा है कि सुनसान रास्ते और पुलिस के गश्त नहीं करने की वजह से लुटेरे घटना को अंजाम देने में जरा भी देरी नही करते है।

वर्जन
लुट की घटनाओं को लेकर पुलिस को जांच कर लुटेरो को पकड़ने निर्देशित किया गया है।इसके लिए संदेहियों की तलाश जारी है।

मधुलिका सिंह
एएसपी ग्रामीण बिलासपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *