लगातार हो रही बारिश अब लोगों की सेहत पर भी भारी पड़ने लगी
बिलासपुर । जिले में लगातार हो रही बारिश अब लोगों की सेहत पर भी भारी पड़ने लगी है। मौसम में नमी बढ़ने के साथ वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है, जिसका असर सिम्स अस्पताल की ओपीडी में साफ दिखाई दे रहा है। रोजाना करीब दो हजार मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। इनमें वायरल फीवर, सर्दी-खांसी, पेट संबंधी संक्रमण और मलेरिया जैसे लक्षण वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। डॉक्टरों ने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
दरअसल लगातार बारिश के कारण मौसम में बदलाव और बढ़ी हुई नमी संक्रमण के लिए अनुकूल माहौल बना रही है। इसका असर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों पर ज्यादा देखने को मिल रहा है। सिम्स अस्पताल की ओपीडी में रोजाना करीब दो हजार मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, गले में संक्रमण, पेट दर्द, उल्टी-दस्त और मलेरिया के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मौसम में बदलाव के साथ मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि बरसात के मौसम में दूषित पानी और अस्वच्छ भोजन कई बीमारियों की बड़ी वजह बनते हैं। इसलिए पानी को उबालकर या फिल्टर कर ही पीना चाहिए, ताजा और स्वच्छ भोजन का सेवन करना चाहिए तथा घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए।
– यदि तेज बुखार, लगातार खांसी, उल्टी-दस्त या पेट दर्द जैसी परेशानी हो तो स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। समय पर इलाज और सावधानी बरतकर मौसमी बीमारियों से बचाव किया जा सकता है
।