शादी का कार्ड बांटने निकले युवक पर हमला, पेट में गंभीर चोट
दो दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के बंधवापारा इमलीभाठा में पुराने विवाद को लेकर दो युवकों ने अपने ही दोस्त पर हमला कर दिया। हमले में युवक के पेट में गंभीर चोट आई है। घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इमलीभाठा निवासी किशन रोहिदास ने शिकायत दर्ज कराई है कि रात करीब 9 बजे उनका छोटा भाई गोपी रोहिदास अपनी शादी का निमंत्रण पत्र बांटने निकला था। इसी दौरान रास्ते में उसके पुराने साथी श्याम सारथी और आशु सारथी ने उसे रोक लिया।आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों ने पहले गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद किसी नुकीली वस्तु से गोपी पर हमला कर दिया, जिससे उसके पेट में गंभीर चोट लग गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और दोस्तों ने घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। मामले की सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना के कारणों और हमले में प्रयुक्त वस्तु की जांच कर रही है।