Blog

लिफ्ट लेकर कॉलेज जा रहे छात्र से मारपीट कर बाइक, मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हुए बदमाश

राह चलते युवक को लिफ्ट देना पड़ा महंगा

बिलासपुर । सरकंडा थाना क्षेत्र में एक छात्र को राह चलते अज्ञात युवक को लिफ्ट देना महंगा पड़ गया।आरोपी ने पहले कॉलेज तक छोड़ने की बात कही, लेकिन रास्ते में अपने एक साथी को भी बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद दोनों ने छात्र के साथ मारपीट कर उसकी बाइक, मोबाइल, एयरबड्स और नकदी लूट ली।
घायल छात्र किसी तरह लोगों की मदद से थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सूरज कुमार श्याम मूलतः ग्राम सिरमीना, थाना पसान, जिला कोरबा का रहने वाला है और वर्तमान में बिलासपुर के मुंगेली नाका स्थित एक किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा है। वह अपने साथी योगेश कुमार की होंडा शाइन मोटरसाइकिल सीजी 16 सीयू 2410 से कॉलेज का पता करने जा रहा था। इसी दौरान अशोक नगर चौक स्थित डीएलएस कॉलेज रोड पर एक अज्ञात युवक ने उससे लिफ्ट मांगी। सूरज ने मानवता के नाते उसे बाइक पर बैठा लिया। डीएलएस कॉलेज के पास पहुंचने पर युवक ने आगे तक छोड़ने का दबाव बनाया और मना करने पर मारने की धमकी दी। डर के कारण छात्र उसे आगे लेकर गया। मुरूम खदान के पास आरोपी ने अपने एक साथी को, जिसे वह चेतन नाम से बुला रहा था।उसे भी बाइक पर बैठा लिया। शिव मंदिर के पास पहुंचने पर छात्र ने दोनों को उतरने के लिए कहा तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने लात-घूंसों, थप्पड़ों और पत्थर से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा। इसके बाद आरोपी छात्र का रेडमी-9 मोबाइल, एयरबड्स, 200 रुपये नकद और मोटरसाइकिल, कुल करीब 9 हजार रुपये मूल्य का सामान लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल छात्र ऑटो से सरकंडा थाना पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी और उसके साथी चेतन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *