Blog

ट्रैफिक सिस्टम अब 18 घंटे चालू रहेंगे सिग्नल….सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक सिग्नल रहेंगे चालू….ट्रैफिक नियम का पालन नहीं करने वालो पर होगी कड़ी कार्रवाई

बिलासपुर । सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अहम फैसला लिया है। अब शहर के ट्रैफिक सिग्नल पहले से पांच घंटे ज्यादा समय तक संचालित होंगे। सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक सिग्नल चालू रहेंगे। पुलिस का कहना है कि यह फैसला स्कूली बच्चों की सुरक्षा, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और देर रात तक सुरक्षित यातायात के लिए लिया गया है।

दरअसल अब तक शहर के ट्रैफिक सिग्नल सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक एक्टिव थे, लेकिन नए आदेश के बाद इनका संचालन सुबह 6 बजे से शुरू होगा। ट्रैफिक विभाग के अनुसार सुबह के समय स्कूल बसों, ऑटो और निजी वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। ऐसे में सिग्नल चालू रहने से वाहन नियंत्रित गति में चलेंगे और दुर्घटना की आशंका कम होगी। पुलिस का मानना है कि हर चौराहे पर रुकने की आदत अपने आप वाहन चालकों की रफ्तार पर लगाम लगाती है।


देर रात तेज रफ्तार बाइकर्स और अन्य वाहन चालकों पर निगरानी रखने में इससे मदद मिलेगी

नये फैसले मे ट्रैफिक सिग्नल रात 12 बजे तक चालू रहेंगे। पुलिस का कहना है कि देर रात तेज रफ्तार बाइकर्स और अन्य वाहन चालकों पर निगरानी रखने में इससे मदद मिलेगी। नियम तोड़ने वालों पर भी प्रभावी नजर रखी जा सकेगी। विभाग का मानना है कि भले ही शुरुआत में लोगों को नई व्यवस्था के अनुरूप ढलने में समय लगे, लेकिन सड़क सुरक्षा के लिहाज से यह कदम बेहद जरूरी है।


जेब्रा क्रॉसिंग का सम्मान करने और पैदल यात्रियों को प्राथमिकता देने की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से जेब्रा क्रॉसिंग का सम्मान करने और पैदल यात्रियों को प्राथमिकता देने की अपील की है। बरसात के कारण धुंधले पड़े जेब्रा क्रॉसिंग के निशानों को नगर निगम के सहयोग से जल्द दोबारा बनाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था तभी संभव है, जब हर नागरिक ट्रैफिक नियमों का जिम्मेदारी के साथ पालन करे।

वर्जन

ट्रैफिक सिग्नल का पालन होने से सड़क हादसे कम होंगे और ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा,लोग नियम का पालन करना भी सीख जाएंगे।इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी होगी।

रामगोपाल करियारे
एएसपी ट्रैफिक बिलासपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *