Blog

लड़का बन युवती को जाल में फंसाया,अश्लील वीडियो से 10 लाख की ब्लैकमेलिंग,कटनी से गिरफ्तार

शास्त्रीनगर कटनी की रहने वाली है आरोपी स्नेहा मोगरिया,जुर्म दर्ज

बिलासपुर।सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर ब्लैकमेलिंग करने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। न्यायधानी के तारबाहर थाना क्षेत्र में एक युवती ने खुद को लड़का बताकर दूसरी युवती को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद आरोपी युवती ने पीड़िता का अश्लील वीडियो हासिल कर लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपए की मांग करने लगी।

पुलिस के अनुसार, तारबाहर थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी रिश्ते की बहन के साथ यह पूरा घटनाक्रम हुआ। शिकायत में बताया गया कि आरोपी युवती ने अपनी असली पहचान छिपाई और खुद को युवक बताकर पीड़िता से संपर्क किया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से पीड़िता का अश्लील वीडियो अपने कब्जे में ले लिया।
शिकायत के मुताबिक,वीडियो मिलने के बाद आरोपी ने उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपए की मांग की। लगातार ब्लैकमेलिंग के बावजूद जब पैसे नहीं मिले तो 7 फरवरी 2025 को कथित अश्लील वीडियो पीड़िता के एक परिजन के व्हाट्सएप नंबर पर भेज दिया गया।
परिजनों ने वीडियो देखते ही उसे तत्काल डिलीट कर दिया। हालांकि, मामले से जुड़े स्क्रीनशॉट सुरक्षित रख लिए गए और उन्हें पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपा गया। इसके बाद पूरा मामला पुलिस तक पहुंचा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।इसके बाद लोकेशन के आधार पर आरोपी को कटनी से गिरफ्तार कर लिया गया है।

ऐसे बढ़ाई नजदीकी

तारबाहर निवासी युवक ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि मध्य प्रदेश के शास्त्री नगर जिला कटनी की रहने वाली स्नेहा मोगरिया नाम की युवती लंबे समय से उसकी रिश्ते की बहन से बातचीत कर रही थी। आरोपी ने लड़के के नाम से फर्जी आईडी बनाई थी और खुद को लड़का ही बताती रही। बातों के जाल में उलझाकर उसने पीडिता का विश्वास जीत लिया और फिर चालाकी से उसका एक अश्लील वीडियो अपने कब्जे में ले लिया।

भाई को भेजा वीडियो

वीडियो मिलते ही आरोपी स्नेहा ने सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपए की मांग शुरू कर दी। रकम का इंतजाम नहीं हो सका, तो उसने वीडियो पीड़िता के भाई के वॉट्सऐप कर दिया।

नए फोन में सिम डालते ही खुला राज

शिकायतकर्ता युवक ने बताया कि उसका पुराना मोबाइल गुम हो चुका था। उसी नंबर की नई सिम लेकर नए फोन में वॉट्सऐप चालू किया, तब वीडियो मिला। उसने तुरंत स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखे और शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लोकेशन ट्रेस कर कटनी से आरोपी स्नेहा को गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *