Blog

7 दिन में सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो होगा चक्काजाम,ब्लॉक कांग्रेस ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर।रतनपुर से पेंड्रा जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर ने रतनपुर तहसीलदार के माध्यम से एसडीएम कोटा को ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर सड़क का सुधार कार्य शुरू नहीं कराया गया तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जनहित में चक्का जाम आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ज्ञापन में बताया गया कि महामाया मंदिर बायपास के समीप रतनपुर-पेंड्रा मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में इन गड्डों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई राहगीर और वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं, इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र का अत्यंत व्यस्त मार्ग है। इसी स्थान पर बैंक संचालित है तथा स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों का भी प्रतिदिन इसी सड़क से आवागमन होता है। इसके अलावा आसपास स्थित राइस मिलों से निकलने वाले भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क पर अत्यधिक दबाव रहता है। मरम्मत के बाद भी सड़क कुछ ही समय में फिर से क्षतिग्रस्त हो जाती है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि संबंधित विभाग द्वारा सड़क की गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। कांग्रेस ने प्रशासन से इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान रतनपुर तहसीलदार सोनू अग्रवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उन्होंने इस संबंध में एसडीएम कोटा से चर्चा कर मामले के शीघ्र निराकरण का आग्रह किया है और संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपने वालों में विधायक प्रतिनिधि रियाज खोखर, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष शीतल जायसवाल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आनंद जायसवाल, मदन कहरा, पार्षद जितेंद्र कश्यप, पार्षद पुष्पकांत कश्यप, पार्षद रामफल श्रीवास, संतोष सोनी, रामगोपाल कहरा, संजय जायसवाल, यासीन खान, राकी अनुरागी सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *