बाईपास सड़कों पर चाकू-बेल्ट से मारपीट कर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 1 नाबालिग समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर । सेंदरी-मोपका और बैमा-नगोई बाईपास मार्ग पर राहगीरों से चाकू और बेल्ट के दम पर लूटपाट करने वाले गिरोह का सरकंडा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक अपचारी बालक समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 47 मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल, तीन चाकू, बेल्ट और नगदी समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त की रात बैमा-नगोई बाईपास पर एक राहगीर को चार युवकों ने रोककर बेल्ट से मारपीट की और मोबाइल, बैग, एटीएम, पासबुक समेत करीब 20 हजार 500 रुपये का सामान लूट लिया। इसी रात सेंदरी-मोपका बाईपास पर दो अन्य राहगीरों को चाकू दिखाकर मोबाइल और दस्तावेज लूटे गए। वहीं 11 अगस्त को भी नगोई मंदिर जा रहे युवक से तीन आरोपियों ने मोबाइल, नगदी और सामान लूट लिया था।
लगातार हो रही वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और जांच के दौरान गिरोह का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों में चन्द्रभान साहू, अनिश सूर्यवंशी, अजय कुमार लोहार, करन सारथी, जानवीर सूर्यवंशी, लक्की विश्वकर्मा और आदिल अहमद शामिल हैं, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। आरोपी अनिश सूर्यवंशी के कब्जे से धारदार चाकू मिलने पर मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47 एंड्रॉइड और स्मार्ट मोबाइल, कॉलेज बैग, पासबुक, एटीएम कार्ड व अन्य दस्तावेज, तीन धारदार चाकू, बेल्ट और तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां आदेश के बाद बाल अपचारी को बाल संप्रेक्षण गृह और अन्य आरोपियों को केंद्रीय जेल बिलासपुर भेजा गया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में सरकंडा पुलिस और मोपका चौकी टीम ने की।