करबला में घर में पहुंचा दो फीट का मगरमच्छ का बच्चा
वन विभाग ने पकड़ा
बिलासपुर। शहर के करबला इलाके में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब दो फीट लंबा मगरमच्छ का बच्चा नाली से निकलकर एक घर में पहुंच गया। घर में मगरमच्छ को देखकर परिवार के लोगों में दहशत फैल गई। आसपास के लोगों को जानकारी मिलने के बाद मौके पर भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ के बच्चे को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे कानन पेंडारी ले जाया गया, जहां तालाब में छोड़ दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक महीने पहले बारिश के दौरान भी नाले के तेज बहाव में मगरमच्छ का बच्चा दिखाई दिया था। इसके बाद अब दोबारा मगरमच्छ के बच्चे के इलाके में पहुंचने से लोगों में चिंता बढ़ गई है।
आशंका जताई जा रही है कि मगरमच्छ किसी जलस्रोत या नाले के रास्ते बारिश के पानी के साथ करबला क्षेत्र तक पहुंचा होगा। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।