Blog

व्यापार विहार की बड़ी पार्किंग से एक्टिवा चोरी,24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

तारबाहर पुलिस ने चोरी की एक्टिवा बरामद की, रायपुर निवासी आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। व्यापार विहार की बड़ी पार्किंग से एक्टिवा चोरी करने के मामले में तारबाहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक्टिवा भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी श्रीचंद भाभानी व्यापार विहार में कृष्णा ट्रेडिंग नाम से किराना दुकान संचालित करते हैं। 20 अगस्त 2026 को वे रोज की तरह अपनी एक्टिवा से दुकान पहुंचे और सुबह करीब 10.30 बजे वाहन को व्यापार विहार की बड़ी पार्किंग में खड़ा किया था। दोपहर करीब 1 बजे वापस लौटने पर एक्टिवा अपने स्थान से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चला, जिसके बाद तारबाहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह को दी गई। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति त्रिवेणी भवन के आसपास घूम रहा है। पुलिस टीम ने संदेही सुनील कुमार श्रीवास (35), निवासी वार्ड क्रमांक 4, विजय नगर, सरपंच बाड़ा के पास, भनपुरी बीरगांव, थाना खमतराई, जिला रायपुर को पकड़कर पूछताछ की।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने 20 अगस्त को व्यापार विहार की बड़ी पार्किंग के पास से काले रंग की एक्टिवा चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने चोरी की एक्टिवा बरामद कर जब्त कर ली।

तारबाहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

कार्रवाई में महिला प्रधान आरक्षक 595 सरोज खलखो, आरक्षक महेन्द्र सोनकर, नुरूल कादिर, रूपलाल चंद्रा एवं भागीरथी गेदले का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *