चेकिंग कर रहे आरक्षक पर चढ़ा दी एक्टिवा,तीन नाबालिग भी घायल,रुकने का इशारा करने पर चालक ने बढ़ा दी रफ्तार
बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के कोरी डेम के पास वाहन चेकिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चेकिंग कर रहे आरक्षक को एक्टिवा सवार तीन नाबालिगों ने टक्कर मार दी। हादसे में आरक्षक के सिर, कमर और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बिलासपुर रेफर किया गया। वहीं, टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर एक्टिवा गिरने से तीनों नाबालिग भी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, कोटा पुलिस की टीम दोपहर करीब 2:30 बजे से कोरी डेम के पास मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहनों की जांच कर रही थी। शाम करीब 4 बजे आरक्षक अनिल साहू वाहनों को रोककर उनकी जांच कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में एक्टिवा पर तीन नाबालिग वहां पहुंचे।आरक्षक ने एक्टिवा को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस के मुताबिक, चालक ने खतरनाक तरीके से कट मारकर वहां से भागने की कोशिश की और इसी दौरान एक्टिवा आरक्षक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि आरक्षक उछलकर सड़क पर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
आरक्षक और तीनों नाबालिग घायल
हादसे के बाद साथी पुलिसकर्मियों ने घायल आरक्षक को तत्काल कोटा सीएचसी पहुंचाया। सिर, कमर और जांघ में गंभीर चोटें होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया। दूसरी ओर, आरक्षक को टक्कर मारने के बाद एक्टिवा अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसलकर गिर गई, जिससे उस पर सवार तीनों नाबालिग भी घायल हो गए। उन्हें भी उपचार के लिए कोटा सीएचसी में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना को लेकर प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर कोटा थाने में एक्टिवा चालक के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के संबंध में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।