Blog

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर । शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने युवक को गाली-गलौज करते हुए नुकीली धातु से हमला कर घायल कर दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे का पेचकस भी बरामद किया है।

मामला सिम्स अस्पताल गेट के पास का है। पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त की शाम राहुल श्रीवास वहां खड़ा था, तभी गोंडपारा निवासी आशीष यादव ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए नुकीली धातु से राहुल की हथेली पर हमला कर दिया। घायल युवक का इलाज सिम्स अस्पताल में कराया गया। शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।

वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। 9 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर गोंडपारा इलाके से आशीष यादव को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से लोहे का नुकीला पेचकस जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *