बिलासपुर से उड़ी फ्लाइट, 30 हजार फीट पर इंजन हुआ फेल,पायलट ने संभाली कमान, दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग से बची 46 जानें

बिलासपुर। बिलासपुर से दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करीब 30 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान के एक इंजन ने अचानक काम करना बंद कर दिया। विमान में क्रू मेंबर्स समेत 46 लोग सवार थे। इंजन में तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। सूचना मिलते ही दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। रनवे पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को अलर्ट कर दिया गया।
दरअसल, अलायंस एयर की फ्लाइट ने शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए उड़ान भरी थी। प्रयागराज में लैंडिंग के बाद विमान ने दोपहर करीब 12:33 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी। बताया जा रहा है कि मेरठ के आसपास पहुंचने के दौरान विमान के दो इंजनों में से एक में तकनीकी खराबी आ गई और उसने काम करना बंद कर दिया। अचानक आई इस गड़बड़ी के बाद विमान में सवार यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया।
स्थिति को भांपते हुए पायलट ने बिना देर किए एटीसी को इंजन में आई खराबी की जानकारी दी और ‘मे-डे’ कॉल जारी किया। इसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। आपात स्थिति से निपटने के लिए रनवे के आसपास फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को तैनात कर दिया गया।
पायलट ने सूझबूझ और संयम दिखाते हुए विमान को एक इंजन के सहारे दिल्ली के आईजीआईटी एयरपोर्ट पर दोपहर करीब 2:15 बजे सुरक्षित उतार लिया। विमान के सुरक्षित लैंड होते ही यात्रियों और एयरपोर्ट प्रशासन ने राहत की सांस ली। विमान में सवार सभी 46लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।घटना के बाद विमानन नियामक डीजीसीए ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच में इंजन में तकनीकी खराबी की वजह के साथ-साथ उड़ान से पहले विमान की तकनीकी जांच और रखरखाव की प्रक्रिया को भी खंगाला जाएगा।खास बात यह है कि करीब दो सप्ताह के भीतर अलायंस एयर के विमान से जुड़ी यह दूसरी गंभीर तकनीकी घटना है। इससे पहले 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट का टायर रनवे पर फट गया था। उस घटना में भी पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया था। अब हवा में इंजन फेल होने की घटना ने एक बार फिर अलायंस एयर की तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।