Blog

फेसबुक पर फर्जी योनो एप का लिंक, वकील के तीन खातों से 6 लाख पार

सिटी कोतवाली क्षेत्र का मामला,एप हटाने के बाद भी तीन दिन तक होती रही रकम की निकासी

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर बैंकिंग एप डाउनलोड करने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक वरिष्ठ अधिवक्ता के तीन बैंक खातों से 6 लाख रुपए पार कर दिए। फेसबुक पर आए फर्जी एसबीआई योनो एप के लिंक को टच करने के बाद ठगों ने तीन दिनों तक अलग-अलग खातों से रकम ट्रांसफर की। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंदिरादत्त परिसर निवासी अधिवक्ता तापस कुमार हाजरा 66 ने पुलिस को बताया कि 5 सितंबर को फेसबुक चलाते समय उनकी फीड पर एसबीआई योनो एप डाउनलोड करने का लिंक दिखाई दिया। उन्होंने जैसे ही लिंक को टच किया, एप डाउनलोड होने की प्रक्रिया शुरू हो गई। कुछ देर बाद एप की संदिग्ध गतिविधियां देखकर उन्हें फर्जीवाड़े की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल अपने मोबाइल से एप अनइंस्टॉल कर दिया।

एप हटाने के बाद भी जारी रहा ट्रांजक्शन

एप हटाने के बावजूद अगले दिन सुबह करीब 9 बजे से उनके तीन अलग-अलग बैंक खातों से लगातार तीन दिनों तक ट्रांजक्शन होते रहे। इस दौरान कुल 6 लाख रुपए साइबर ठगों के खातों में ट्रांसफर हो गए। रकम निकलने का पता चलने पर अधिवक्ता ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद बैंक स्टेटमेंट और साइबर सेल से मिले एक्नॉलेजमेंट नंबर के साथ उन्होंने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जिन खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई है, पुलिस संबंधित बैंकों से उनकी जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *