पुरानी बस्ती क्षेत्रांतर्गत सूने मकान का शटर गेट काटकर लाखों के जेवरात एवं नगदी चोरी करने वाले 2 शातिर चोर गिरफ्तार

निगरानी बदमाश सहित 02 आरोपियों ने दिया था चोरी की घटना को अंजाम
आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के एवं नगदी तथा बुलेट वाहन सहित लगभग 3.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद
गिरफ्तार दोनों आरोपी पूर्व में भी नकबजनी एवं चोरी के मामलों में जा चुके हैं जेल
एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त कार्यवाही
रायपुर – प्रार्थी निवासी प्रोफेसर कॉलोनी पुरानी बस्ती रायपुर ने थाना पुरानी बस्ती में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 27.08.2026 को वह अपने घर में ताला लगाकर अन्यत्र गया था। दिनांक 31.08.2026 को घर में काम करने वाली बाई द्वारा घर का शटर गेट कटा होने एवं सामान बिखरा होने की सूचना दी गई। प्रार्थी द्वारा दिनांक 01.09.2026 को वापस आकर जांच करने पर अज्ञात चोर द्वारा शटर गेट काटकर घर में प्रवेश कर अलमारी में रखे चांदी के ईंट व जेवर, सोने के सिक्के, चेन, ईयररिंग, नोजपिन, ब्रेसलेट, मोती का हार, सैमसंग मोबाइल फोन एवं अन्य सामान चोरी करना पाया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 457/26 धारा 331(4), 305 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) श्री रॉबिन्सन गुरिया द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं प्रभारियों को अज्ञात आरोपियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तार करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर प्रार्थी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई। साथ ही घर में काम करने वाली नौकरानी व आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहनता से अवलोकन एवं विश्लेषण किया गया।
घटना के तरीके को ध्यान में रखते हुए पूर्व में नकबजनी एवं चोरी के प्रकरणों में संलिप्त आरोपियों तथा हाल ही में जेल से रिहा हुए आरोपियों के संबंध में जानकारी एकत्रित कर उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही थी। इसके साथ ही प्रकरण में मुखबिर लगाने के साथ ही अन्य माध्यमों से भी अज्ञात आरोपियों की पहचान एवं पतासाजी के लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
इसी दौरान टीम के सदस्यों को सूचना प्राप्त हुई कि थाना पुरानी बस्ती का निगरानी बदमाश भूपेन्द्र उर्फ गजनी जो पूर्व में भी नकबजनी/चोरी के प्रकरणों में जेल निरूद्ध रह चुका है, को घटना स्थल के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखा गया था।
सूचना के आधार पर टीम द्वारा भूपेन्द्र उर्फ गजनी की पतासाजी कर उसे पकड़ा गया। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर उससे कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी भूपेन्द्र उर्फ गजनी द्वारा अपने साथी करण ताण्डी के साथ मिलकर चोरी की उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। जिस पर प्रकरण में संलिप्त आरोपी करण ताण्डी को भी पकड़ा गया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की सोने व चांदी के विभिन्न जेवरात, चांदी के सिक्के एवं नगदी रकम तथा घटना में प्रयुक्त बुलेट वाहन जुमला कीमती लगभग 3.50 लाख रूपये जप्त कर दोनों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।
आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकार्ड
आरोपी भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी शातिर चोर होने के साथ-साथ थाना पुरानी बस्ती का निगरानी बदमाश है, जिसके विरुद्ध थाना पुरानी बस्ती में नकबजनी/चोरी के 04 प्रकरण पूर्व में दर्ज हैं, जिनमें वह जेल जा चुका है। वहीं, आरोपी करण ताण्डी भी नकबजनी/चोरी के 02 प्रकरणों में पूर्व में थाना पुरानी बस्ती से जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी
01. भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी पिता स्व. रोहित पटेल उम्र 26 साल निवासी दंतेश्वरी चौक गोपियापारा थाना पुरानी बस्ती रायपुर।
02. करण ताण्डी पिता राजेश ताण्डी उम्र 24 साल निवासी दंतेश्वरी मंदिर के पीछे डबरीपारा कुशालपुर थाना पुरानी बस्ती रायपुर।