धारदार हथियार लेकर घूम रहे दो बदमाश गिरफ्तार

बिलासपुर ।सरकंडा थाना क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चापड़ और बड़ा चाकू बरामद किया है।
पहले मामले में अशोक नगर राजस्व कॉलोनी चौक के पास 30 वर्षीय राजा बाबू श्रीवास को चापड़ लेकर लोगों को डराते पकड़ा गया। वहीं दूसरे मामले में चिंगराजपारा सूर्या चौक के पास 23 वर्षीय पूरन नेताम उर्फ बड़े छोटे को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया।

मुखबिर से सूचना मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने दोनों जगह घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के पास हथियार रखने से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद हथियार जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बदमाशों और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।