Blog

शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर से,देवी मंदिरों में तैयारियां तेज,घट स्थापना के साथ शुरू होंगे धार्मिक अनुष्ठान

अष्टमी पर हवन-पूर्णाहुति और नवमी पर कन्या भोज

बिलासपुर। शारदीय नवरात्रि महोत्सव की शुरुआत 11 अक्टूबर से होगी। नवरात्रि पर्व को लेकर बिलासपुर शहर सहित अंचल के देवी मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। मंदिर समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, पूजा-अर्चना और दर्शन व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। वहीं, नवरात्रि को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह दिखाई देने लगा है।

नवरात्रि के नौ दिनों में देवी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। मंदिरों में ज्योति कलश की स्थापना भी की जाएगी। इसके साथ ही प्रतिदिन माता की आराधना और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे।

11 अक्टूबर को शुभ मुहूर्त में घट स्थापना

शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन 11 अक्टूबर को सुबह 11:36 बजे से दोपहर 12:24 बजे के मध्य शुभ मुहूर्त में विशेष पूजा-अर्चना के साथ घट स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही नौ दिवसीय नवरात्रि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। पूरे नवरात्रि मंदिरों में नियमित रूप से पूजा-पाठ, आरती और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

अष्टमी पर हवन-पूर्णाहुति, नवमी पर कन्या भोज

19 अक्टूबर को अष्टमी के अवसर पर सुबह 9:30 बजे हवन एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद महानवमी के अवसर पर कन्या भोज कराया जाएगा। मंदिर समितियों ने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दर्शन, पूजा और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु रखने की तैयारी शुरू कर दी है।नवरात्रि के दौरान शहर के देवी मंदिरों में विशेष साज-सज्जा और धार्मिक आयोजनों के चलते भक्तिमय वातावरण देखने को मिलेगा। श्रद्धालु नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *