तीन राज्यों में कार्रवाई कर गुम-चोरी हुए 75 मोबाइल बरामद

सुकमा। जिले में गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सुकमा पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस टीम ने तीन राज्यों में कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से 75 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मोबाइल फोन बरामद होने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान लौट आई।
इस अवसर पर एसपी मयंक गुर्जर ने स्वयं मोबाइल मालिकों को उनके बरामद मोबाइल फोन सौंपे। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस लेते हुए सुकमा पुलिस का आभार जताया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की लगातार पतासाजी की जा रही है। अभियान के तहत तकनीकी माध्यमों और पुलिस टीमों की मदद से मोबाइल फोन की लोकेशन एवं उपयोगकर्ताओं की जानकारी जुटाकर कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल लोगों को उनके कीमती मोबाइल वापस मिले, बल्कि मोबाइल चोरी एवं गुमशुदगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई का संदेश भी गया।