सूने मकान में नकबजनी,चोर समेत चोरी का माल खरीदने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर । सकरी थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले मुख्य आरोपी समेत चोरी का सामान खरीदने वाले तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सत्यानगर अमेरी स्थित मकान से नकदी, चांदी-कांसे के बर्तन, कंप्यूटर सेट और एसी समेत करीब 42 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ा और उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया।
दरअसल, मकान मालिक अक्षय कुमार टाण्डे 29 अगस्त को अपने अमेरी स्थित पुराने मकान में ताला लगाकर तिफरा चले गए थे। 16 सितंबर को वापस लौटने पर उन्हें मकान के ताले टूटे मिले। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे और अलमारी का ताला तोड़कर 12 हजार रुपये नकद, चांदी के बर्तन, कांसे के बर्तन, कंप्यूटर सेट और 1.5 टन का वोल्टास एसी चोरी कर ले गए थे।
मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सकरी पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर संदेही अविनाश खांडे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी करना कबूल किया और चोरी का सामान तीन लोगों को बेचने की जानकारी दी। पुलिस ने सौरभ बंजारे, दीपेश गुप्ता और रितेशधर शर्मा को भी गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया। चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।