Blog

पेड़ पर लटकी मिली 44 वर्षीय व्यक्ति की लाश

बिलासपुर/मुंगेली। मुंगेली जिले के कोदवाबानी गांव में शुक्रवार को खेत के पास पेड़ पर फांसी के फंदे से एक व्यक्ति का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 44 वर्षीय शिवकुमार उर्फ पवन के रूप में हुई है। मामला लालपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह कुछ किसान खेत की ओर से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।

पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से मिले कुछ साक्ष्यों ने मामले को संदिग्ध बना दिया है। मृतक के कपड़े फटे हुए थे और उसके हाथ पर पट्टी बंधी मिली, जिसके बाद पुलिस आत्महत्या के साथ-साथ हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है।

फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिवकुमार ने आत्महत्या की थी या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *