प्रार्थना सभा में चक्कर खाकर गिरी 12वीं की छात्रा
बैग में मिली नींद की गोलियों की खाली स्ट्रिप
सीपत के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल का मामला
अधिक मात्रा में गोलियां खाने की बात बताई
सिम्स में इलाज के बाद हालत खतरे से बाहर
बिलासपुर। सीपत के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में सुबह प्रार्थना सभा के दौरान 12वीं कक्षा की एक छात्रा अचानक चक्कर खाकर गिर गई। शिक्षकों और सहपाठियों ने उसे तत्काल संभाला और स्कूल में प्राथमिक उपचार देने के बाद वाहन की व्यवस्था कर सिम्स पहुंचाया। उपचार के बाद छात्रा की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। स्कूल स्टाफ ने उसके बैग की जांच की तो उसमें नींद की गोलियों की खाली स्ट्रिप मिली।
स्कूल में पदस्थ व्याख्याता के अनुसार सुबह सभी विद्यार्थी और शिक्षक मैदान में प्रार्थना सभा के लिए एकत्र हुए थे। इसी दौरान छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह लड़खड़ाकर जमीन पर गिर गई। शिक्षिकाएं तत्काल उसे उठाकर कमरे में ले गईं और प्राथमिक उपचार दिया। कुछ देर बाद होश में आने पर छात्रा से तबीयत बिगड़ने का कारण पूछा गया।
पूछ ताछ में छात्रा ने बताया कि उसने नींद की गोलियां खाई हैं। इसके बाद स्कूल स्टाफ को संदेह हुआ और उसके बस्ते की तलाशी ली गई। बैग से नींद की गोलियों की खाली स्ट्रिप बरामद हुई। छात्रा ने बताया कि वह पहले भी नींद की गोलियां खा चुकी है, लेकिन इस बार उसने अधिक मात्रा में गोलियां ले ली थीं।
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल वाहन की व्यवस्था की और छात्रा को सिम्स अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। छात्रा ने नींद की गोलियां क्यों और किस परिस्थिति में खाईं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।