7 दिन बाद ट्रैप कैमरे में कैद हुई बाघिन और शावक,वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

दवनपुर में किसान पर हमले के बाद से चल रही थी तलाश
ग्रामीणों को अकेले जंगल और खेत की ओर नहीं जाने की समझाइश
बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के दवनपुर गांव में किसान पर हमले के 7 दिन बाद बाघिन और उसके शावक की मौजूदगी ट्रैप कैमरे में कैद हुई है। वन विभाग की ओर से लगाए गए कैमरे में बाघिन अपने शावक के साथ नजर आई है। इसके बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी और बढ़ा दी है। ग्रामीणों को खेत-खलिहान और जंगल की ओर जाते समय विशेष सावधानी बरतने तथा वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार बाघिन पिछले कई दिनों से शावक के साथ गांव से लगे जंगल और खार क्षेत्र में घूम रही है। फिलहाल कैमरे और ग्रामीणों की नजर में बाघिन के साथ एक ही शावक दिखाई दे रहा है। बाघिन की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। कर्मचारियों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
एटीआर की फील्ड डायरेक्टर प्रियंका पांडे ने बताया कि शावक के साथ बाघिन को देखा गया है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है। ट्रैप कैमरों की मदद से बाघिन की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
किसान पर शनिवार को हुआ था हमला
दवनपुर में पिछले शनिवार सुबह करीब 7 बजे किसान संजू मरकाम खेत में खाद डाल रहा था। इसी दौरान बाघ ने उस पर हमला कर दिया था। घटना के बाद से आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल है। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए ग्रामीणों को सावधान रहने की सलाह दी है।
वन विभाग की टीम ग्रामीणों को वन्यजीवों के व्यवहार और संभावित खतरे के संबंध में जानकारी भी दे रही है। ग्रामीणों से अकेले जंगल या खेत की ओर नहीं जाने, जंगली जानवरों के नजदीक नहीं जाने और किसी भी वन्यजीव की मौजूदगी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।