Blog

सेवा संकल्प अभियान : स्मार्ट फोन और स्मार्ट केन से ललिता के जीवन में आया बदलाव

शासन की योजना से मिली तकनीक, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की राह हुई आसान

बिलासपुर/शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंदों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उनके जीवन को आसान बनाने का जरिया बन रही है। ऐसे ही बदलाव की कहानी शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय तिफरा में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत कुमारी ललिता यादव की है।
समाज कल्याण विभाग द्वारा ललिता को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की एडीआईपी योजना के तहत स्मार्ट फोन एवं स्मार्ट केन (छड़ी) का लाभ मिला। इन सुविधाओं ने उनकी पढ़ाई के साथ-साथ आवागमन को भी आसान बनाया है। पहले की स्थिति में विषय-वस्तु से संबंधित ऑडियो एवं वीडियो सामग्री आसानी से उपलब्ध नहीं होने के कारण ललिता को अध्ययन में कठिनाई होती थी। आवश्यक अध्ययन सामग्री तक सीमित पहुंच के कारण विषयों को समझने और सीखने के लिए उन्हें अतिरिक्त प्रयास करना पड़ता था। वहीं आवागमन के दौरान भी उन्हें सुविधा की आवश्यकता महसूस होती थी।
अब की स्थिति में स्मार्ट फोन उनके अध्ययन का महत्वपूर्ण साधन बन गया है। वे स्मार्ट फोन के माध्यम से स्क्रीन रीडर, दीक्षा ऐप, ई-पुस्तकालय और यू-ट्यूब जैसे डिजिटल संसाधनों का उपयोग कर रही हैं। ऑडियो एवं डिजिटल माध्यमों से अध्ययन सामग्री आसानी से उपलब्ध होने के कारण उनकी पढ़ाई अधिक सुगम हुई है। वहीं स्मार्ट केन के उपयोग से चलने-फिरने और आवागमन में सुविधा मिली है। ललिता के लिए यह बदलाव केवल एक स्मार्ट फोन और स्मार्ट केन मिलने तक सीमित नहीं है। इन सुविधाओं ने उन्हें ’’शिक्षा से जुड़ने, तकनीक का उपयोग करने, अपने कौशल को विकसित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर’’ दिया है। शासन की योजना से मिली सहायता उनके लिए शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम बनी है। ललिता कहती हैं कि स्मार्ट फोन एवं स्मार्ट केन के प्रयोग से उनका जीवन ही बदल गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *