Blog

अक्टूबर से प्रशिक्षण, जनवरी में घर-घर होगी जनसंख्या की गिनती,अब आबादी गणना की तैयारी

98 प्रशिक्षण बैच में कर्मियों को दी जाएगी ट्रेनिंग

बिलासपुर में 4361 प्रगणक और 739 पर्यवेक्षक होंगे तैनात

बिलासपुर। जनगणना-2027 के
द्वितीय चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसमें 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके बाद 1 से 5 मार्च तक पुनरीक्षण का काम होगा। बिलासपुर जिले में इसके लिए अक्टूबर से जिला स्तरीय प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। 12 और 13 अक्टूबर को जिला जनगणना अधिकारी, चार्ज अधिकारी, जनगणना लिपिक और तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण होगा। इसमें 106 अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे। इसके बाद मास्टर ट्रेनर्स का राज्य स्तरीय प्रशिक्षण 2 से 5 नवंबर तक रायपुर में होगा। वहीं 71 फील्ड ट्रेनर्स को 2 से 4 दिसंबर और 7 से 9 दिसंबर तक दो बैच में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण दिसंबर के अंतिम सप्ताह से जनवरी के मध्य तक कराया जाएगा।

पहले चरण से 1206 ज्यादा कर्मचारियों की जरूरत

जनसंख्या गणना के लिए जिले में 4361 प्रगणक और 739 पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। प्रथम चरण की तुलना में इस बार 1206 अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत होगी। इनके प्रशिक्षण के लिए जिले में 98 बैच प्रस्तावित किए गए हैं।

5.85 लाख मकानों और 4.50 लाख परिवारों का डेटा तैयार

सहायक जिला जनगणना अधिकारी झील जायसवाल ने बताया कि जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण का काम लगभग पूरा हो चुका है। जिले में 3103 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का काम पूरा किया गया है। इसके तहत करीब 5.85 लाख मकानों, 4.50 लाख परिवारों और 20.7 लाख आबादी का विवरण जुटाया गया है। इसी डेटा के आधार पर आगामी जनसंख्या गणना के लिए गणना ब्लॉक बनाए जाएंगे। इसी संबंध में एडीएम शिव बनर्जी ने बैठक लेकर अधिकारियों को गणना ब्लॉक का गठन, जनगणना पोर्टल पर प्रविष्टियां, जियो-टैगिंग और संक्षिप्त मकान सूची तैयार करने का काम तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *