Blog

गणेश पंडाल में खिचड़ी बनाते समय भिड़े दो पक्ष…लाठी-डंडे और पत्थर चले,सात महिलाएं घायल

बिलासपुर । कोनी थाना क्षेत्र के छोटी कोनी में गणेश पंडाल को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और हाथ-मुक्का, डंडे व पत्थर से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में कई महिलाओं को चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, संतोषी नेताम ने शिकायत में बताया कि 19 सितंबर की शाम करीब 7.30 बजे वह अपनी भाभी पूनम मरावी, कल्पना मरावी, प्रिया मरावी, दीक्षा मरावी, शिमरन मरावी, किरण मरावी और आरोही मरावी के साथ ठाकुर देव मंदिर के पास गणेश पंडाल में प्रसाद के लिए खिचड़ी बना रही थीं। इसी दौरान राम विलास साहू, सुकृता साहू, गीता साहू सहित अन्य लोग पहुंचे और सड़क घेरने का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगे। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और डंडे, पत्थर व हाथ-थप्पड़ से मारपीट की। घटना में सात महिलाओं को चोटें आईं तथा कल्पना मरावी का मोबाइल भी तोड़ दिया गया।
वहीं दूसरे पक्ष की सुकृता साहू ने शिकायत में बताया कि करीब 20 दिन पहले नगर निगम ने संतोषी नेताम, पूनम मरावी सहित अन्य लोगों का कथित अवैध कब्जा हटाया था। इसके बावजूद उनके घर के सामने आने-जाने के रास्ते पर गणेश पंडाल बनाकर रास्ता घेर दिया गया था। घेरा हटाने की बात कहने पर विवाद हुआ और उनके साथ मारपीट की गई। इस पक्ष की सुकृता साहू, गीता साहू और छोटी साहू को भी चोटें आई हैं। कोनी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *