बेलतरा विधायक ने शैलेश गोरख को नगर निगम बिलासपुर में अपना प्रतिनिधि बनाया

बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशांत शुक्ला ने नगर पालिक निगम बिलासपुर के विशेष सम्मेलन एवं निगम से संबंधित कार्यों के लिए शैलेश गोरख को अपना विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया है। नगर निगम बिलासपुर द्वारा जारी विशेष सम्मेलन की सूचना में भी शैलेश गोरख का उल्लेख “विधायक प्रतिनिधि–बेलतरा” के रूप में किया गया है।
विधायक सुशांत शुक्ला ने शैलेश गोरख को यह जिम्मेदारी सौंपते हुए बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नगर निगम क्षेत्र में जनहित से जुड़े विषयों, विकास कार्यों एवं निगम की गतिविधियों में विधायक की ओर से सहभागिता एवं समन्वय की जिम्मेदारी दी है। विधायक प्रतिनिधि के रूप में शैलेश गोरख निगम के विशेष सम्मेलनों एवं आवश्यक बैठकों में विधायक का प्रतिनिधित्व करते हुए क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को उचित मंच पर रखने का कार्य करेंगे।
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र का एक बड़ा हिस्सा नगर पालिक निगम बिलासपुर के अंतर्गत आता है। ऐसे में निगम क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़े विषयों को जनप्रतिनिधियों और निगम प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने में विधायक प्रतिनिधि की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि जनता से जुड़े विषयों का समयबद्ध निराकरण और क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निगम प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। शैलेश गोरख इस जिम्मेदारी के माध्यम से क्षेत्र की जनता की समस्याओं और सुझावों को उचित स्तर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
विधायक प्रतिनिधि शैलेश गोरख ने विधायक सुशांत शुक्ला के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि बेलतरा विधानसभा के नगर निगम क्षेत्र में जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाना तथा विकास कार्यों में आवश्यक समन्वय स्थापित करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी। वे आम नागरिकों से सतत संपर्क में रहते हुए उनके सुझावों एवं समस्याओं को विधायक तक पहुंचाने और उनके निराकरण के लिए प्रयास करेंगे।