
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर मुंगेली पुलिस ने मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस

सिटी कोतवाली परिसर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से गुजरात के एकता नगर में आयोजित कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण
रन फॉर यूनिटी’ के तहत पुलिस लाइन मुंगेली से एसपी कार्यालय तक आयोजित हुई दौड़,
जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने की ली शपथ
बिलासपुर/मुंगेली/ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस बल एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा एकता परेड के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की गई। इस वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस की थीम नक्सल मुक्त भारत रखी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में जिला मुंगेली के थाना सिटी कोतवाली परिसर में एलईडी डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से एकता नगर, गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश शुक्ला सहित जिले के गणमान्य नागरिक, पार्षदगण, पत्रकार बंधु तथा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने तथा राष्ट्र की एकता को मजबूत करने का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण किया।
रन फॉर यूनिटी’ में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिला मुंगेली पुलिस द्वारा प्रातःकाल ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इसके तहत पुलिस लाइन मुंगेली से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक दौड़ आयोजित कर देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। इस आयोजन के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए जागरूक और प्रेरित किया गया।
*पुलिस जवानों ने दी देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति*
कार्यक्रम में एसडीओपी आशीष अरोरा, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, रक्षित निरीक्षक नरगिस तिग्गा बघेल सहित थाना प्रभारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुंगेली पुलिस के जवानों ने मनमोहक देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना का संचार किया।राष्ट्रीय एकता दिवस का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करना तथा नागरिकों में राष्ट्र के प्रति समर्पण, आपसी सद्भाव और एकजुटता की भावना को प्रोत्साहित करना है। जिला मुंगेली पुलिस द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और देश की सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।



