
मंडल रेल प्रबंधक ने 10 संरक्षा प्रहरियों को संरक्षा पुरस्कार से किया सम्मानित

सतर्कता एवं सजगता से संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने तथा संरक्षित रेल परिचालन में दिया महत्वपूर्ण योगदान
बिलासपुर।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में संरक्षित रेल परिचालन के प्रति सतर्कता, सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए संभावित दुर्घटनाओं को टालने वाले मंडल के 10 रेलकर्मियों को मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन द्वारा संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित रेलकर्मियों में राकेश कुमार चौरसिया, पी.एस. राव, प्रफुल्ल रंजन कुमार, अरुण कुमार, प्रेमलता, दिलीप कुमार बर्मन, अनुराग कुमार गुप्ता, जयराम कुमार, एस.के. पाठक,एवं विनोद कुमार शामिल हैं।
इन रेलकर्मियों ने विगत दिनों ड्यूटी के दौरान असामान्य परिस्थितियों एवं संभावित खतरों की समय रहते पहचान कर सराहनीय कार्य किए। इनमें जेसीबी के अचानक ट्रैक पर आने पर इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी को दुर्घटना से बचाना, ब्रेक वैन से धुआं एवं हॉट एक्सल की पहचान, रेल फ्रैक्चर देखना, वैगन में टूटे कंट्रोल रॉड तथा लटकती हुई कंट्रोल रॉड को देखना, चक्का टूटने की सूचना देना, ट्रेन में गंभीर ब्रेक बाइंडिंग की पहचान करना तथा ट्रांसफार्मर में आग लगने की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देना जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही मॉक ड्रिल में भी सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ सराहनीय योगदान दिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने सभी संरक्षा प्रहरियों को पुरस्कार प्रदान कर उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कर्मचारियों की ऐसी सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सभी को भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक के. श्रीनिवास एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी मनीष अग्रवाल भी उपस्थित रहे।






