
खाद्य सुरक्षा: महासमुंद में तय लक्ष्य से 84 फीसदी ज्यादा किया निरीक्ष

विधिक नमूना संकलन में 97% और हाईजीन रेटिंग में शत- प्रतिशत उपलब्धि
महासमुंद। खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के क्रियान्वयन के संबंध में संचालित गतिविधियों की 28 अक्टूबर को आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में जिलों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार महासमुंद जिले में निरीक्षण, खाद्य नमूना संकलन, हाइजीन रेटिंग तथा वैधानिक कार्रवाई से संबंधित गतिविधियां संचालित की गईं।सात माह की अवधि में महासमुंद जिले को 70 निरीक्षणों का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध 129 निरीक्षण किए गए। यह निर्धारित लक्ष्य का लगभग 184 प्रतिशत है। इस अवधि में राज्य का औसत लक्ष्य प्राप्ति 111 प्रतिशत रहा।
विधिक नमूना संकलन में 97 प्रतिशत की उपलब्धि
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए जिले को 70 विधिक नमूने संकलित करने का लक्ष्य दिया गया था। इसके विरुद्ध 68 नमूने संकलित किए गए, जो लक्ष्य का लगभग 97 प्रतिशत है। इस अवधि में राज्य की औसत उपलब्धि 60 प्रतिशत रही।खाद्य पदार्थों की निगरानी के लिए निर्धारित 105 सर्विलांस नमूनों के लक्ष्य के विरुद्ध जिले में 108 नमूने संकलित किए गए। यह लक्ष्य का लगभग 103 प्रतिशत है, जबकि राज्य की औसत उपलब्धि 51 प्रतिशत रही।
16.66 लाख रुपए से अधिक का अर्थदण्ड
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों में न्याय निर्णयन के माध्यम से महासमुंद जिले में 16.66 लाख रुपए से अधिक का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया।वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के दौरान जिले में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन से संबंधित कुल 31 प्रकरणों का विवरण दर्ज है। इनमें से 14 प्रकरण न्याय निर्णयन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए तथा 3 प्रकरणों में अभिहित अधिकारी द्वारा कुल 40,100 रुपए की शमन राशि अधिरोपित की गई। ये 3 शमन प्रकरण कुल 31 प्रकरणों में ही शामिल हैं।
हाइजीन रेटिंग में निर्धारित लक्ष्य पूरा
खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों को प्रोत्साहित करने के लिए जिले को 5 संस्थानों को हाइजीन रेटिंग प्रमाणन दिलाने का लक्ष्य दिया गया था। जिले में 5 संस्थानों को प्रमाणन प्राप्त हुआ, इस प्रकार निर्धारित लक्ष्य की 100 प्रतिशत पूर्ति हुई।
अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन शिविरों का आयोजन
वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के दौरान जिले में अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन संबंधी 7 प्रस्तावित शिविरों के विरुद्ध 4 शिविर आयोजित किए गए। इस प्रकार लक्ष्य के विरुद्ध 57 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई, जबकि राज्य का औसत 52 प्रतिशत रहा।
वर्जन
राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रस्तुत ये आंकड़े महासमुंद जिले में खाद्य सुरक्षा संबंधी गतिविधियों की प्रगति को दर्शाते हैं। निरीक्षण एवं नमूना संकलन के साथ-साथ न्याय निर्णयन, शमन तथा हाइजीन रेटिंग के माध्यम से खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन से संबंधित कार्यवाही की जा रही है।
-उमेश वर्मा, अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, महासमुंद






