
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026, डूमरकछार में 13 नवंबर को लगेगा 13वां शिवि

शिविर के माध्यम से लाभ उठाने की अपील
राजनगर कालरी/मनेन्द्रगढ़- म.प्र.शासन के निर्देशानुसार अनूपपुर जिले में जन-समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ का प्रभावी संचालन किया जा रहा है,इसी तारतम्य में अभियान का 13वां साप्ताहिक कैम्प आगामी 13 नवंबर 2026 को नगर परिषद डूमरकछार (पौराधार) के सामुदायिक भवन में आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण शिविर को लेकर डूमरकछार निकाय अध्यक्ष व जिला योजना समिति के सदस्य डॉ. सुनील कुमार चौरसिया सहित समस्त पार्षदगणों ने क्षेत्र के आम नागरिकों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की भावभरी अपील की है।
इस महा-शिविर की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।अभियान के सुचारू संचालन के लिए कोतमा अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) टी.आर. नाग को नोडल अधिकारी तथा नगर परिषद डूमरकछार के मुख्य नगरपालिका अधिकारी शरद गौतम को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
शिविर का मुख्य उद्देश्य अनूपपुर ब्लॉक एवं डूमरकछार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की जन समस्याओं, जन-सुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित पड़े आवेदनों तथा शिकायतों का मौके पर ही शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करना है,इसके साथ ही शिविर तिथि को जनपद पंचायत अनूपपुर व तहसील कोतमा सहित उप-तहसील बिजुरी और थाना क्षेत्र के मैदानी अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहकर लंबित प्रकरणों का निपटारा करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार,शिविर दिवस के प्रथम भाग में सभी जिला स्तरीय अधिकारीगण अपने-अपने विभागों से संबद्ध शासकीय संस्थाओं जैसे स्थानीय स्कूलों,आंगनबाड़ियों, स्वास्थ्य केंद्रों, राशन दुकानों और क्षेत्र में चल रही वृहद विकास परियोजनाओं का अनिवार्य रूप से औचक निरीक्षण करेंगे,इसके उपरांत दोपहर 12:30 बजे सभी अधिकारी शिविर स्थल पर उपस्थित होकर आम जनता से प्राप्त आवेदनों का समाधान करेंगे।
शिविर के दौरान आयुष्मान कार्ड निर्माण, समग्र आई.डी.,ई केवायसी, प्रधानमंत्री आवास योजना,जल जीवन मिशन जैसे जनहित के मामलों की विशेष रूप से समीक्षा की जाएगी।
निकाय अध्यक्ष श्री चौरसिया,समस्त पार्षदगणों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्थानीय जनता की सहभागिता सुनिश्चित करने,शासकीय योजनाओं का शिविर के माध्यम से लाभ लेने और इस पारदर्शी व सादगीपूर्ण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी प्रबुद्ध नागरिकों,हितग्राहियों को शिविर में सहभागिता करने की अपील की है।






