
सड़क हादसे में घायल 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत,प्लेटिना चालक के खिलाफ मामला दर्ज

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के लाखासार मोड़ के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुए सड़क हादसे में घायल 75 वर्षीय बुजुर्ग की उपचार के बाद घर लौटने पर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मामले में सकरी पुलिस ने मोटरसाइकिल प्लेटिना क्रमांक सीजी 28 क्यू 9906 के चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलगहना निवासी दिलीप दिनकर सुबह करीब 10 बजे अपने साथियों संतोष दिनकर और वीपी सिंह दिनकर के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम लाखासार जा रहे थे। इसी दौरान उनके गांव के 75 वर्षीय जेठूराम दिनकर पिता अक्तीराम दिनकर भी अपनी टीवीएस एक्सल क्रमांक सीजी 10 डब्ल्यू 6639 से आगे-पीछे चल रहे थे। सभी को काठी के काम से ग्राम लाखासार जाना था। सुबह करीब 11 बजे जब वे लाखासार मोड़ के पास पहुंचे, तभी
बिलासपुर की ओर से आ रही प्लेटिना मोटरसाइकिल के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए जेठूराम दिनकर की टीवीएस एक्सल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग के चेहरे, माथे और पैर में चोटें आईं। उन्हें तत्काल डायल 112 की मदद से सिम्स अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद हालत ठीक होने पर वे घर लौट आए। लेकिन हादसे के कुछ घंटे बाद शाम करीब 4 बजे उनकी अचानक मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, उनकी मौत दुर्घटना में आई चोटों के कारण हुई। हादसे में उनकी टीवीएस एक्सल भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की रिपोर्ट प्रार्थी दिलीप दिनकर ने सकरी थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने प्लेटिना चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






