
अब टिकट के लिए कतार में लगने से मिलेगी मुक्ति,चांपा स्टेशन पर एम-यूटीएस व्यवस्था शुरू

एसईसीआर में पहली बार लागू हुई सुविधा, भारतीय रेलवे का पांचवां मंडल बना बिलासपुर
मोबाइल और पोर्टेबल प्रिंटर लेकर यात्रियों तक पहुंचेंगे रेलकर्मी
बिलासपुर। रेलवे स्टेशन पर अनारक्षित टिकट लेने के लिए काउंटर की लंबी कतार में खड़े होने की परेशानी अब कम होगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने पहली बार बिलासपुर मंडल के चांपा रेलवे स्टेशन पर मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली सहायक व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत अब यात्रियों को टिकट के लिए काउंटर तक जाने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि रेलवे कर्मचारी स्टेशन परिसर में ही मोबाइल टिकटिंग उपकरण और पोर्टेबल प्रिंटर लेकर पहुंचेंगे और मौके पर टिकट जारी करेंगे।
इस सुविधा से खासकर व्यस्त समय में टिकट काउंटरों पर लगने वाली भीड़ और लंबी कतारों से राहत मिलेगी। यात्रियों को स्टेशन के कॉनकोर्स क्षेत्र में ही अनारक्षित टिकट मिल सकेगा। टिकट वितरण की प्रक्रिया तेज होने के साथ ही काउंटरों पर दबाव भी कम होगा। इस व्यवस्था की शुरुआत के साथ बिलासपुर मंडल भारतीय रेलवे का पांचवां मंडल बन गया है, जहां एम-यूटीएस सहायक प्रणाली लागू की गई है। फिलहाल इसकी शुरुआत चांपा स्टेशन से हुई है।
देश के पांच प्रमुख स्टेशनों पर पहले से चल रही व्यवस्था
रेलवे बोर्ड ने 18 जून 2026 को एम-यूटीएस सहायक योजना का सभी रेलवे जोन में विस्तार करने की अनुमति दी थी। इससे पहले इसे पांच स्थानों पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया था। इनमें मध्य रेलवे का मुंबई, पूर्व रेलवे का हावड़ा, उत्तर रेलवे का नई दिल्ली, दक्षिण रेलवे का चेन्नई सेंट्रल और दक्षिण पश्चिम रेलवे का बेंगलुरु शामिल हैं। अब इस सूची में बिलासपुर मंडल के चांपा स्टेशन का नाम भी जुड़ गया है।
मोबाइल से टिकट बनाएंगे रेलकर्मी, मौके पर मिलेगी प्रिंटेड टिकट
एम-यूटीएस व्यवस्था के तहत रेलवे कर्मचारी एंड्रॉयड आधारित मोबाइल टिकटिंग उपकरण और ब्लूटूथ से जुड़े पोर्टेबल प्रिंटर का इस्तेमाल करेंगे। यात्री से गंतव्य की जानकारी लेकर कर्मचारी मोबाइल उपकरण में टिकट तैयार करेंगे और तत्काल प्रिंट निकालकर यात्री को सौंप देंगे। यह यात्रियों के खुद मोबाइल से टिकट बुक करने वाली सुविधा नहीं है, बल्कि रेलवे कर्मचारियों के माध्यम से स्टेशन परिसर में ही अनारक्षित टिकट जारी करने की व्यवस्था है। इससे टिकट लेने की प्रक्रिया अधिक आसान और तेज होगी।
सीनियर डीसीएम बोले,सराहनीय कार्य
सीनियर डीसीएम अनुराग सिंह ने इसे बिलासपुर मंडल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि चांपा के यात्रियों के लिए यह आधुनिक, सुलभ और यात्री-अनुकूल रेल सेवाओं की दिशा में अनुकरणीय कदम है।




