
शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो पेचकस से किया हमला, सूचीबद्ध बदमाश गिरफ्तार,चिंगराजपारा में ई-रिक्शा चालक से मारपीट, पीठ पर लगी चोट

आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज
बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट कर दी। आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और प्लास्टिक मुठ वाले पेचकस से हमला कर दिया। सरकंडा पुलिस ने आरोपी दुर्गेश सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी थाने का सूचीबद्ध गुंडा बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार चिंगराजपारा के अटल आवास निवासी बिसाहू साहू ई-ऑटो क्रमांक सीजी 10 बीएल 1643 किराए पर चलाता है। शाम करीब 7 बजे वह ई-रिक्शा लेकर पार्षद रानी शैलेश देवागन के घर लक्ष्मी चौक पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला दुर्गेश सूर्यवंशी वहां मिला। उसने बिसाहू से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। बिसाहू ने पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
आरोप है कि दुर्गेश ने प्लास्टिक मुठ लगे पेचकस से बिसाहू की पीठ पर हमला कर दिया। इससे उसकी दाहिनी तरफ पीठ में चोट आई और खून निकलने लगा। घटना के दौरान मौके पर मौजूद पार्षद रानी देवागन ने बीच-बचाव कर आरोपी को मारपीट करने से रोका।
पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी दुर्गेश सूर्यवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने घटना करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल प्लास्टिक मुठ लगा पेचकस भी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।




