
अगर आप भी शराब के शौकीन हैं,तो खुश हो जाइए,33 प्रीमियम ब्रांड हुए सस्ते

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में प्रीमियम विदेशी शराब के बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते का असर अब स्कॉच व्हिस्की की कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश में विदेशी शराब के 33 प्रीमियम ब्रांडों की संशोधित कीमतों को आबकारी विभाग ने प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। नई दरों में जॉनी वॉकर, चिवास रीगल, रॉयल सैल्यूट, ग्लेनलिवेट और सिंगलटन जैसे चर्चित ब्रांड शामिल हैं। कुछ ब्रांडों के एक केस की कीमत में हजारों रुपये तक की कमी की गई है। हालांकि, नई दरों का सीधा लाभ ग्राहकों को कितना मिलेगा, यह खुदरा कीमतों के निर्धारण के बाद ही स्पष्ट होगा।
33 विदेशी ब्रांडों की नई कीमतों को मंजूरी..
छत्तीसगढ़ वाणिज्यिक कर विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के शेष महीनों के लिए विदेश से सीधे बोतलबंद होकर आने वाले 33 प्रीमियम विदेशी शराब ब्रांडों की संशोधित लैंडिंग कीमतों को मंजूरी दी है। नई मूल्य सूची में कई महंगे और लोकप्रिय स्कॉच व्हिस्की ब्रांड शामिल हैं।संशोधित दरों के अनुसार, जॉनी वॉकर 18 ईयर के एक केस की लैंडिंग कीमत 42,480 रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, जॉनी वॉकर ब्लू लेबल के एक केस की कीमत 92,939 रुपये तय की गई है। रॉयल सैल्यूट 21 ईयर की लैंडिंग कीमत 64,079 रुपये रखी गई है। इन नई दरों के बाद प्रीमियम विदेशी शराब के बाजार में कीमतों को लेकर नया समीकरण बनने की संभावना है।
जॉनी वॉकर और सिंगलटन के केस हजारों रुपये सस्ते
नई मूल्य सूची में कुछ प्रीमियम ब्रांडों की कीमतों में उल्लेखनीय कटौती की गई है। जॉनी वॉकर 18 ईयर के एक केस की कीमत में करीब 5 हजार रुपये तक की कमी दर्ज की गई है। वहीं, सिंगलटन 12 ईयर के एक केस की कीमत लगभग 2,817 रुपये कम हुई है।कीमतों में इस बदलाव से प्रीमियम विदेशी शराब के थोक बाजार में हलचल बढ़ सकती है। महंगे ब्रांडों की नई कीमतें पहले की तुलना में कम होने से बाजार में उनकी मांग और बिक्री पर भी असर पड़ने की संभावना है।
स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क घटने का असर
विदेशी शराब की कीमतों में बदलाव के पीछे भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते को प्रमुख वजह माना जा रहा है। इस समझौते के तहत स्कॉच व्हिस्की पर लगने वाले आयात शुल्क को 150 प्रतिशत से घटाकर 75 प्रतिशत किया गया है।आयात शुल्क में इस बड़ी कटौती से ब्रिटेन से आने वाली स्कॉच व्हिस्की की आयात लागत कम होने की संभावना है। इसका फायदा आयातकों और बाजार को मिलने के साथ प्रीमियम विदेशी शराब की कीमतों पर भी असर पड़ रहा है। इसी बदलाव के बाद छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग ने 33 विदेशी शराब ब्रांडों की संशोधित लैंडिंग कीमतों को मंजूरी दी है।
ग्राहकों को मिलेगी काफी राहत
आबकारी विभाग की ओर से नई लैंडिंग कीमतों को मंजूरी मिलने के बाद अब ग्राहकों की नजर खुदरा कीमतों पर है। दरअसल, लैंडिंग कीमत और शराब दुकानों पर मिलने वाली अंतिम बिक्री कीमत अलग-अलग हो सकती है। खुदरा कीमत राज्य की मूल्य निर्धारण नीति, टैक्स और अन्य शुल्कों के आधार पर तय होती है।




