
सड़क, बिजली, पानी और नाली नहीं तो भवन निर्माण का नक्शा भी नहीं होगा पास

बिलासपुर । अवैध प्लाटिंग के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए नगर निगम प्रशासन अब सख्ती की तैयारी में है। शहर के अलग-अलग इलाकों में बिना मूलभूत सुविधाएं विकसित किए प्लॉट बेचने वाले बिल्डरों और जमीन कारोबारियों पर अब निगम की नजर है। निगम ने साफ कर दिया है कि जिन कॉलोनियों में सड़क, बिजली, पानी और नाली जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं होंगी, वहां भवन निर्माण के नक्शे पास नहीं किए जाएंगे। यानी प्लॉट खरीदने के बाद लोगों को सुविधाओं के लिए भटकने की समस्या पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
दरअसल, बिलासपुर में अवैध प्लाटिंग का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। जमीन कारोबारी बेहतर सड़क, पानी और ड्रेनेज व्यवस्था का सपना दिखाकर लोगों को प्लॉट बेच देते हैं। लोग अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी लगाकर मकान तो बना लेते हैं, लेकिन बाद में उन्हें पता चलता है कि कॉलोनी में न सड़क है, न नाली और न ही पानी निकासी की समुचित व्यवस्था।बारिश के दिनों में जलभराव और खराब ड्रेनेज व्यवस्था के कारण रहवासियों की परेशानी और बढ़ जाती है। प्लॉट बेचकर मुनाफा कमाने वाले कारोबारी जिम्मेदारी से किनारा कर लेते हैं और सुविधाओं के अभाव में आम नागरिक परेशान होते रहते हैं।लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि मूलभूत सुविधाओं के बिना विकसित की जा रही कॉलोनियों में भवन निर्माण के नक्शे स्वीकृत नहीं किए जाएंगे।
पुराने नक्शे पर भी कार्रवाई की तैयारी
उपायुक्त का कहना है कि पुराने नक्शे पर भी कार्रवाई की जाएगी।इसके लिए
रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।इसमें जितने भी लोग दायरे में आयंगे,उनके खिलाफ नोटिस जारी करके कार्रवाई की जाएगी।इसके लिए अभियान चलाया जा रहा है।
वर्जन
नक्शा के लिए दिए गए आवेदनों में सड़क पानी और नाली का उल्लेख होना चाहिए अन्यथा नक्शा पास नहीं किया जायेगा।इसके साथ ही पुराने लोगो का भी रिकॉर्ड खंगाल कर नोटिस जारी किया जायेगा।
खजांची कुम्हार
उपायुक्त नगर निगम




