
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने मुंबई के देवनार डंपिंग ग्राउंड में लीगेसी वेस्ट रेमेडिएशन एवं वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं की समीक्षा की

वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन, परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और प्रभावी निगरानी पर दिया जोर
मुंबई, ।केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने मुंबई स्थित देवनार डंपिंग ग्राउंड का दौरा कर वहां संचालित लीगेसी वेस्ट रेमेडिएशन पहल और वेस्ट-टू-एनर्जी (WTE) परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। देवनार मुंबई का सबसे बड़ा डंपिंग ग्राउंड है।
इस दौरान श्री साहू ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अधिकारियों एवं परियोजना से जुड़ी कार्यान्वयन एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परियोजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन की रणनीति तथा वैज्ञानिक एवं सतत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी ली गई।
अधिकारियों ने बताया कि मुंबई में प्रतिदिन लगभग 7,200 टन नगरपालिका ठोस अपशिष्ट उत्पन्न होता है। वर्ष 1927 से शहर का कचरा प्राप्त कर रहे देवनार डंपिंग ग्राउंड में लगभग 120 हेक्टेयर क्षेत्र में अनुमानित 1.85 करोड़ टन पुराना कचरा जमा है। यहां प्रतिदिन लगभग 600 से 700 टन ताजा कचरा भी पहुंचता है।
अधिकारियों ने देवनार डंपिंग ग्राउंड के कायाकल्प के लिए प्रस्तावित प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी दी। इनमें लगभग 185 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का वैज्ञानिक बायोमाइनिंग एवं बायोरेमेडिएशन के माध्यम से प्रसंस्करण कर भूमि को पुनः उपयोग योग्य बनाने की पहल शामिल है।
इसके अतिरिक्त, 600 टन प्रतिदिन (TPD) क्षमता का वेस्ट-टू-एनर्जी संयंत्र स्थापित किया जा रहा है, जिसकी अनुमानित विद्युत उत्पादन क्षमता लगभग 8 मेगावाट होगी। यह संयंत्र ताजा नगरपालिका ठोस अपशिष्ट का प्रसंस्करण कर बिजली का उत्पादन करेगा। इसके दिसंबर 2026 तक शुरू किए जाने का लक्ष्य है।
बैठक में 1,000 टन प्रतिदिन की कुल बायो-मेथेनेशन क्षमता वाले प्रस्तावित बायो-CNG संयंत्र की भी जानकारी दी गई। इस परियोजना का उद्देश्य जैविक कचरे से स्वच्छ ईंधन का उत्पादन और संसाधनों का पुनर्प्राप्ति के लिए उपयोग बढ़ाना है।
अधिकारियों ने बताया कि लीगेसी वेस्ट रेमेडिएशन का कार्य दिसंबर 2026 के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है और पूरे लैंडफिल के रेमेडिएशन कार्य को तीन वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
श्री साहू ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा परियोजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य प्रारंभ होने के बाद वे पुनः स्थल का दौरा कर जमीनी स्तर पर प्रगति की समीक्षा करेंगे।
श्री साहू ने कहा कि वैज्ञानिक बायोमाइनिंग, रेमेडिएशन और वेस्ट-टू-एनर्जी तकनीक के माध्यम से देश के सबसे पुराने डंपिंग स्थलों में से एक देवनार का कायाकल्प किया जाना अन्य शहरी स्थानीय निकायों के लिए एक अनुकरणीय मॉडल बन सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वच्छ भारत के उद्देश्यों और सतत शहरी विकास को विकसित भारत 2047 के महत्वपूर्ण आधार के रूप में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
देवनार डंपिंग ग्राउंड से जुड़ी ये पहल दशकों से जमा पुराने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, अपशिष्ट से ऊर्जा एवं संसाधनों की प्राप्ति तथा मुंबई में सतत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।






