
रतनपुर हाइवे पर अंधेरे में सड़क पर खड़ी ट्रक बनी काल,पीछे जा घुसी बाइक, चालक की मौत, साथी गंभीर


बिलासपुर । रतनपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर सड़क के बीच अंधेरे में खड़ी ट्रक एक बाइक सवार के लिए काल बन गई। भरारी के पास बुधवार शाम करीब 7 बजे तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पीछे से खड़ी ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 सीबी 8460 से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भरारी के पास सड़क में अंधेरे में खड़ी ट्रक को बाइक चालक देख नहीं पाया और सीधे पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंचाया गया। घायल की पहचान विकास साहू पिता बैसाखू साहू, निवासी ग्राम ढोटमा, जिला मुंगेली के रूप में हुई है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है जिसे सिम्स रिफर किया गया है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले मोटरसाइकिल चालक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो ट्रेलर भी आपस में भिड़े
रतनपुर रोड में किसी एक दिन की घटना नहीं है बल्कि हर दिन घटनाएं होती है।
ज्यादातर हादसे भारी वाहनों की वजह से होता है जिसमें नींद का आना या फिर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर हादसे को अंजाम देना रहता है।मंगलवार को भी भरारी रोड में खड़े ट्रेलर को बिलासपुर से रतनपुर की तरफ जा रही ट्रेलर के चालक ने तेज और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर पीछे से टक्कर मार दिया।जिसे चालक और हेल्पर घायल हो गए है।




