अकोला में चंडी मंदिर में चोरी,दान पेटी से करीब 30 हजार रुपए पार

बिलासपुर।मस्तूरी विकासखंड के ग्राम अकोला में बीती रात मंगलवार को चोरों ने गांव के बीचों-बीच स्थित चंडी मंदिर – माता चौरा में धावा बोलकर दान पेटी में रखी नगदी पार कर दी।ग्रामीणों का अंदाजा है कि दान पेटी में लगभग 30 हजार रुपए के आसपास रकम रही होगी, क्योंकि दान पेटी बहुत दिनों से नहीं खोली गई थी। चोर फटे नोट छोड़कर बाकी पूरी रकम उड़ा ले गए।
मस्तूरी क्षेत्र में हुए इस चोरी में सबसे अजीब और हैरान करने वाली बात यह है कि मंदिर के दरवाजे का ताला टूटा ही नहीं। ताले पर तोड़फोड़ का कोई निशान भी नहीं मिला। किसी ग्रामीण ने ताला तोड़ने की आवाज भी नहीं सुनी।बताया जा रहा है कि चोर ने बड़े आराम से ताला खोला, चोरी की और फिर ताले को खुला छोड़कर ही चला गया। इसी बात ने पूरे मामले को और ज्यादा गंभीर बना दिया है।
घटना की जानकारी सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो उन्हें ताला खुला हुआ मिला और दान पेटी टूटी हुई दिखी। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।ग्रामीणों ने तुरंत नजदीकी मल्हार चौकी में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी कि चोरी में कौन शामिल था और ताला किस चाबी से खोला गया।फिलहाल पुलिस मामले में अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी है।




