
60 कमरों के हाईटेक एसपी ऑफिस में एक क्लिक पर जुड़ेगी पुलिसिंग,तीन मंजिला नए भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग,सीसीटीएनएस,लैब और डिजिटल विवेचना की सुविधा

फरियादियों के लिए विजिटर रूम तो पुलिसकर्मियों के लिए कैंटीन भी
बिलासपुर।पुलिसिंग का तरीका बदल रहा है और इसी के साथ पुलिस के कामकाज का ठिकाना भी आधुनिक हो रहा है। तीन मंजिला नया एसपी कार्यालय लगभग तैयार हो चुका है। 60 कमरों वाले इस भवन में पुलिस अधिकारियों के लिए आधुनिक चैंबर, हाईटेक मीटिंग हॉल और तकनीकी सुविधाओं से लैस कार्यालय बनाए गए हैं। इसकी खासियत यह होगी कि एसपी कार्यालय से ही जिले
के थानों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधा संपर्क किया जा सकेगा। वहीं, सीसीटीएनएस के नए सिस्टम के माध्यम से अपराध और विवेचना से जुड़े रिकॉर्ड को डिजिटल तरीके से जोड़ने की तैयारी है। भवन का काम लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही इसका उद्घाटन प्रस्तावित है।इसके साथ ही इससे जनता को भी लाभ मिलेगा और फरियादियो की सुनवाई भी होगी।जिसमें कोई भी फरियादी जब भी आए तो कोई न कोई अधिकारी ऑफिस में जरूर मिलेगा। जिससे उनकी सुनवाई को जल्दी और नए अंदाज में सुनकर निराकरण करने की कोशिश की जाएगी।
फरियादियों के लिए विजिटर रूम
नए एसपी कार्यालय में आम नागरिकों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। ग्राउंड फ्लोर पर शिकायत लेकर आने वाले लोगों के बैठने के लिए अलग विजिटर रूम बनाया गया है। इसके अलावा परिसर में केंटीन की व्यवस्था होगी, जिससे फरियादियों और पुलिसकर्मियों को चाय-नाश्ते या भोजन के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा
सीसीटीएनएस-2 से डिजिटल होगी विवेचना
नए कार्यालय में अत्याधुनिक सीसीटीएनएस लैब तैयार की जा रही है। इसके माध्यम से थानों के रिकॉर्ड और अपराध से जुड़ी जानकारियों को तेजी से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की योजना है। पुलिस के अनुसार, सीसीटीएनएस के दूसरे चरण में थानों को और बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा। इससे केस डायरी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य जानकारियों का प्रबंधन आसान होगा। कोर्ट से डिजिटल समन्वय की सुविधा भी विकसित की जा रही है।
शिकायत शाखाओं के लिए भी अलग व्यवस्था
भवन में एएसपी ग्रामीण मुख्यालय, आरआई कार्यालय, डीसीआरबी, डीसीबी, शिकायत शाखा और एसआरसी शाखा के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। आधुनिक मीटिंग हॉल में प्रोजेक्टर, प्रेजेंटेशन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा होगी। कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों को तकनीकी रूप से प्रशिक्षित कर तैनात किया जाएगा। फर्नीचर, स्टेशनरी और अन्य जरूरी सामान की खरीदी शासकीय जेम पोर्टल के माध्यम से की गई है।
थानेदारों को हर बैठक के लिए नहीं आना पड़ेगा मुख्यालय
नए भवन में एसपी के चैबर को आधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम से लैस किया जा रहा है। इसके जरिए जिले के थानेदारों और अन्य अधिकारियों से सीधे संवाद किया जा सकेगा। विभागीय बैठक, समीक्षा और जरूरी दिशा-निर्देश ऑनलाइन दिए जा सकेंगे। इससे थानेदारों का मुख्यालय आने-जाने में लगने वाला समय बचेगा और वे अपने क्षेत्र में रहकर भी जरूरी बैठकों में शामिल हो सकेंगे।
पुराने भवन के हिस्से को हटाने का काम शुरू
नए एसपी कार्यालय का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही इसका उद्घाटन किए जाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संभावित बिलासपुर प्रवास के दौरान उनके हाथों भवन का उद्घाटन कराए जाने की चर्चा है, हालांकि कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। दूसरी तरफ पुराने एसपी कार्यालय के कुछ हिस्सों को हटाने का काम भी तेजी से चल रहा है। नए भवन के शुरू होने के बाद जिला पुलिस का प्रशासनिक कामकाज आधुनिक सुविधाओं वाले परिसर से संचालित होगा।



