वन विभाग बिलासपुर की घोर लापरवाही: दो साल तक दबाए रखी यादव समाज की फाइल

अब थमाया ‘ऑनलाइन अपलोड नहीं होने’ का बहाना
बिलासपुर। जिले में शासकीय विभागों की संवेदनहीनता और लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यादव समाज द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर दिए गए आवेदन पर वन विभाग, बिलासपुर ने पूरे दो साल बाद एक ऐसा जवाब दिया है, जिसने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभाग ने दो साल तक फाइल दबाए रखने के बाद अब यह लिखकर पल्ला झाड़ लिया है कि “आवेदन ऑनलाइन अपलोड नहीं होने के कारण कार्यवाही संभव नहीं है।
दरअसल भारतीय यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सोमनाथ यादव द्वारा समाजहित से जुड़ी विभिन्न जायज मांगों को लेकर 18 दिसंबर 2024 को कलेक्टर बिलासपुर के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया था। जिसमें प्रमुख रूप से वन क्षेत्र में वर्षों से निवासरत यादव परिवारों को स्थाई पट्टा देने और जिन यादव परिवारों का जीवन भरण पशु चरवाह तथा दुग्ध व्यवसाय से ही हो रहा है साधन सुविधा उपलब्ध कराने आदि विषय पर था। उन्हें कलेक्टर कार्यालय से यह पत्र उचित कार्यवाही के लिए वन विभाग को अग्रसारित किया गया था। समाज के पदाधिकारी पिछले दो वर्षों से अपनी मांगों के निराकरण की उम्मीद लगाए बैठे थे।
दो साल बाद जागा विभाग, दिया हास्यास्पद तर्क-
आवेदन देने के लगभग दो साल बाद, 27 नवंबर 2026 को वन मंडलाधिकारी बिलासपुर के हस्ताक्षर से एक पत्र जारी किया गया। इस पत्र में मांगों पर किसी भी प्रकार की कार्यवाही करने के बजाय महज यह लिख दिया गया कि शिकायतकर्ता का आवेदन ऑनलाइन अपलोड नहीं है, इसलिए कार्यवाही नहीं की जा सकती।
यादव समाज में भारी आक्रोश,
वन विभाग के इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये से पूरे यादव समाज में भारी रोष व्याप्त है। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि
यदि आवेदन ऑनलाइन अपलोड नहीं था, तो यह बात दो साल पहले पत्र मिलते ही बताई जा सकती थी। एक छोटी सी तकनीकी बात लिखने के लिए विभाग को दो साल का समय क्यों लगा?ऑफलाइन आवेदन को ऑनलाइन दर्ज करना या उस पर कार्यवाही करना विभाग की आंतरिक जिम्मेदारी है, न कि आवेदक की। यह सीधे तौर पर अपनी नाकामी छिपाने और समाज को गुमराह करने का प्रयास है।
कलेक्टर और वन मंत्री से कार्यवाही की मांग
इस मामले को लेकर यादव समाज ने कलेक्टर बिलासपुर, मुख्य वन संरक्षक और प्रदेश के वन मंत्री को कड़ा पत्र लिखकर दो वर्षों तक फाइल लंबित रखने वाले दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की मांग की है।






