तालाब में डूबने से हाथी शावक की मौत, वन विभाग जांच में जुटा
पिछले 15 दिनों से हाथियों का दल कर रहा था विचरण
रायगढ़। जिले के तमनार वन परिक्षेत्र अंतर्गत गौरमुडी गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां तालाब में डूबने से एक हाथी शावक की मौत हो गई। ग्रामीणों ने तालाब में शावक का शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। टीम मौके पर पहुंची और शावक के शव को तालाब से बाहर निकाला। प्राथमिक जांच में पता चला है कि मृत शावक की उम्र करीब एक साल बताई जा रही है।, पिछले लगभग 15 दिनों से हाथियों का एक बड़ा दल इस क्षेत्र में विचरण कर रहा है। इस दल में नर, मादा और शावकों को मिलाकर कुल 34 हाथी शामिल हैं। आशंका है कि पानी पीने या तालाब के पास खेलने के दौरान शावक फिसलकर गहराई में चला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वन विभाग ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि कहीं किसी प्रकार की लापरवाही या मानवीय हस्तक्षेप तो घटना का कारण नहीं बना। इस घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई है, क्योंकि हाथियों का दल लगातार गांवों के आसपास घूम रहा है।