8 करोड़ की योजना को शासन से अभी तक स्वीकृति नहीं, सिरगिट्टी में पानी संकट गहराया, देवरीखुर्द में भी हालत खराब
देवरीखुर्द, चिल्हाटी के साथ ही खमतराई, बहतराई, बिजौर, लिंगियाडीह, कोनी एवं सकरी में समस्या
योजना के तहत इन क्षेत्रों में जल आपूर्ति सुधारने के लिए पाइपलाइन और पानी की टंकी का निर्माण होना है
बिलासपुर। निगम क्षेत्र के कई वार्डों में पानी का संकट गहराने लगा है। खास तौर पर देवरीखुर्द, चिल्हाटी के साथ ही निगम में शामिल नए क्षेत्र, खमतराई, बहतराई, बिजौर, लिंगियाडीह, कोनी एवं सकरी में लोग परेशान हो रहे हैं। हालांकि निगम ने इसे निपटने के लिए 8 करोड़ रुपए की जल प्रबंधन योजना को मंजूरी दी है, जिसके तहत इन क्षेत्रों में जल आपूर्ति सुधारने के लिए पाइपलाइन और पानी की टंकी का निर्माण किया जाएगा। सामान्य सभा में इसे पास करते हुए शासन के पास मंजूरी के लिए भेजा गया है लेकिन अभी तक स्वीकृति नहीं मिल सकी है। शहरी क्षेत्र में भी 30 से अधिक जगहों पर जल स्तर गिरा है। तालापारा, मगरपारा, व्यापार विहार, कतियापारा से लेकर दयालबंद, राजकिशोरनगर में पानी की समस्या बढ़ी है।
ध्यान रहे कि देवरीखुर्द और सिरगिट्टी क्षेत्र में सालों से पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। लाख कोशिशों के बाद भी इसका निराकरण नहीं किया जा सका है। गर्मी के दिनों में इस क्षेत्र में लगे बोर भी सूख जाते हैं, जिससे वहां रहने वाले लोगों को पानी की परेशानी अक्सर बनी रहती है। दूसरी ओर प्रशासन ने पूरे शहर में अमृत मिशन के तहत पाइप लाइन को बिछवा दिया है। इसके बावजूद देवरीखुर्द में अमृत मिशन योजना अब तक नहीं पहुंच पाई है जबकि देखा जाए तो सबसे अधिक जरूरत देवरीखुर्द के लोगों को ही है। चिल्हाटी में पानी की समस्या एक गंभीर मुद्दा है, जो कई इलाकों में पीने योग्य पानी की कमी और खराब गुणवत्ता के कारण है, जिससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी हो रही हैं। सिरगिट्टी में बन्नाक चौक से लेकर श्रीवास मोहल्ले तक, नयापारा से लेकर दइहान पारा, झोपड़ापारा, पुरानी पानी टंकी, तारबहार, रजक मोहल्ला, हरिजन मोहल्ले में पानी की समस्या है।
15 वें वित्त आयोग से मिली राशि
अब निगम ने 15 वें वित्त आयोग की राशि से चिल्हाटी और देवरीखुर्द इलाके के निवासियों के लिए 4.73 करोड़ रुपए की जल प्रबंधन योजना को मंजूरी दी है, जिसके तहत इन क्षेत्रों में जल आपूर्ति सुधारने के लिए पाइपलाइन और पानी की टंकी का निर्माण किया जाएगा। निगम के मुताबिक 15वें वित्त आयोग के टाइड ग्रांट के अंतर्गत इस योजना के लिए स्वीकृति मिली है। ज्ञात हो कि देवरीखुर्द इलाके में, खासकर वार्ड नंबर 42 में, पानी की समस्या काफी गंभीर है, जहां हैंडपंप खराब हो गए हैं और लोग पेयजल के लिए परेशान हैं। विशेष रूप से शहीद चंद्रशेखर आजाद नगर और बरखदान इलाके में, पानी की समस्या विकराल रूप ले रही है। इसके साथ ही वार्ड नंबर 43 बंशीलाल धृतलहरे नगर खैरमाता और वार्ड नंबर 47 में भी बोर सूखने की समस्या है, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
50 हजार लोगों की हर साल की परेशानी
ध्यान रहे कि देवरीखुर्द की आबादी 50 हजार से अधिक है, लेकिन पानी सप्लाई को लेकर किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने सुध नहीं ली है। जल स्तर नीचे चले जाने से सभी 20 वार्डों में पेयजल की समस्या शुरू हो गई है। इससे लोग परेशान हैं। संकट से जूझ रहे वार्डवासियों को टैंकर से पानी सप्लाई किया जा रहा है। इससे लोगों को कुछ हद तक राहत मिली है। लोगों के मुताबिक यहां लगभग 25 हैंडपंप की सुविधा है। इसमें 10 हैंडपंप पूरी तरह से सूख चुके हैं। बाकी हैंडपंप से कम मात्रा में पानी निकल रहा है। जन प्रतिनिधियों के सहयोग से टैंकर के माध्यम से वार्डों में पेयजल पहुंचाया जा रहा है। देवरीखुर्द निवासी देव प्रसाद ने बताया कि बीते एक महीने से वार्डों के हैंडपंप से पानी नहीं निकल रहा है। साथ ही कुछ हैंडपंप पहले से ही खराब हैं। वहीं राममति ने बताया कि वार्ड में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए पंचायत के बोर से पाइप लाइन से पानी की व्यवस्था की जा रही है। इसके बावजूद पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा है। वार्ड में पानी का कोई अन्य स्रोत भी नहीं है।
घुरू, खमतराई, बहतराई के लिए तीन करोड़
निगम में शामिल नए क्षेत्र घुरू, खमतराई, बहतराई, बिजौर, लिंगियाडिह, कोनी एवं सकरी में भी पेयजल की समस्या है। इससे निपटने के लिए करीब तीन करोड़ का टेंडर किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक 15 वें वित्त आयोग टाइड ग्रांट जल प्रबंधन अंतर्गत कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस मद के तहत सभी कार्य किए जाएंगे। जल प्रबंधन कार्य के तहत नए क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने के साथ ही पानी टंकी बनाई जाएगी। इसके लिए नगर निगम द्वारा कार्ययोजना तैयार की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक निगम में शामिल नए क्षेत्रों में पानी की बड़ी योजना पर काम होने से एक बड़ी आबादी को इसका लाभ मिलेगा।
वर्जन
शहर में पानी के संकट से निपटने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। खास तौर पर देवरीखुर्द, चिल्हाटी के साथ ही निगम में शामिल नए क्षेत्र, खमतराई, बहतराई, बिजौर, लिंगियाडीह, कोनी एवं सकरी में इसकी समस्या ना हो इसके लिए अधिकारियों को खास तौर पर निर्देशित किया गया है। निगम ने इसे निपटने के लिए 8 करोड़ रुपए की जल प्रबंधन योजना को भी मंजूरी दी है, जिसके तहत इन क्षेत्रों में जल आपूर्ति सुधारने के लिए पाइपलाइन और पानी की टंकी का निर्माण किया जाएगा।
पूजा विधानी,
महापौर नगर निगम