Blog

किराना दुकानदार और परिवार पर जानलेवा हमला

पैसे मांगने पर आरोपियों ने दिया घटना को अंजाम

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा में एक किराना दुकानदार और उसके परिवार पर जानलेवा हमला किया गया। प्रार्थी संतोष कांत, जो अपने परिवार के साथ अम्बेडकर चौक के पास रहते हैं, उन्होंने इस संबंध में मस्तूरी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब संतोष कांत अपने बेटे शशिकांत 20 वर्ष के साथ दुकान पर थे। दोपहर लगभग 4 बजे आरोपी सुमेन्द्र खाण्डे, नशे की हालत में दुकान के सामने बैठा था। उसने दुकान से पानी पाउच और राजश्री खरीदे परंतु भुगतान नहीं किया। जब संतोष कांत ने पैसा मांगा, तो सुमेन्द्र ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद वह अपने घर गया और 100 रुपये लाकर शशिकांत को अपशब्द कहते हुए दिया। जब संतोष कांत ने विरोध किया तो वह और अधिक उग्र हो गया। शाम करीब 6:30 बजे सुमेन्द्र अपने छोटे भाई शिव खाण्डे के साथ वापस आया और दोनों ने मिलकर शशिकांत को जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान शिव खाण्डे ने लोहे की पाइप से शशिकांत के सिर पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। शोर सुनकर संतोष की पत्नी अशोक बाई और छोटा भाई संतराम कांत मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। हमले में संतोष कांत को गले और सीने में, जबकि संतराम को पसली और कंधे में गंभीर चोटें आई हैं। घायल शशिकांत और संतराम को सिम्स अस्पताल, बिलासपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मस्तूरी पुलिस ने सुमेन्द्र खाण्डे, शिव खाण्डे और उनके अन्य पारिवारिक सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *