प्रेशर हॉर्न और नो एंट्री में घुसे वाहनों पर हुई कार्रवाई

बिलासपुर । ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर अब पुलिस की सख्ती शुरू हो चुकी है। देर रात यातायात पुलिस ने सघन अभियान चलाकर प्रेशर हॉर्न बजाने वाले और नो एंट्री में घुसे भारी वाहनों पर कार्रवाई की। इस दौरान ना सिर्फ चालान काटे गए बल्कि कई गाड़ियां जब्त भी की गईं।
बिलासपुर यातायात पुलिस द्वारा ट्रैफिक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया,इस दौरान 7 ऐसे वाहन पकड़े गए जो प्रेशर हॉर्न का उपयोग कर रहे थे। इनसे कुल 14 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया। वहीं नो एंट्री क्षेत्र में घुसे तीन भारी वाहनों को जब्त कर पुलिस लाइन में खड़ा कराया गया।
कार्रवाई के दौरान नंबर प्लेट में छेड़छाड़ करने वाले वाहनों पर भी चालानी कार्रवाई की गई। किसी ने नंबर प्लेट पर टेप चिपका रखा था, तो किसी ने प्लेट ही तोड़ दी थी।
ट्रैफिक पुलिस बोली,होगी कार्रवाई,नियम सभी के लिए
इस अभियान को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करीयारे का कहना है कि नियम तोड़ने वालो के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।इसमें किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा।यही कारण है कि ट्रैफिक पुलिस लगातार मॉनिटरिंग करके कार्रवाई कर रही है और जुर्माना वसूल कर रही है।इसके साथ ही कोर्ट भी भेजने का काम किया जा रहा है।